शांतिपूर्ण तरीके से समाधान निकाले केंद्र सरकार। समस्या समाधान के लिए सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत जरूरी।
नई दिल्ली। कृषि कानूनों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राज्यसभा में सियासी घमासान जारी हैं। इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस प्रमुख एचडी देवगौड़ा ने किसान आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हम गणतंत्र दिवस के दिन लाल किला पर कुछ उपद्रवियों की कार्रवाई की निंदा करते हैं। इस हिंसा के लिए आंदोलनकारी किसानों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है। उन्हें सजा नहीं मिलनी चाहिए।
कील व कंक्रीट की दीवारों से नहीं निकलेगा हल
पूर्व पीएम देवेगौड़ा ने कहा कि धरनास्थल पर कंक्रीट की दीवारें और कील लगाने से केंद्र को इस समस्या का समाधान निकालने में मदद नहीं मिलेगी। केंद्र सरकार इस मामले का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से निकाले।
राज्यों से भी राय ले सरकार
पूर्व पीएम ने कहा कि वैसे भी यह मामला राज्य का विषय है। यह समवर्ती सूची में है। केंद्र को इस मामले में राज्य सरकार की राय भी लेनी चाहिए।