
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के 24 दक्षिण परगना जिले के डायमंड हार्बर में टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने आज बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमला किया। इस हमले में पार्टी के बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और मुकुल रॉय घायल हो गए। हमले के बाद बीजेपी के दिग्गज नेता मुकुल रॉय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि कानून व्यवस्था के बिगड़े हालात को देखते हुए पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन तुरंत लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के कार्यकर्ता गुंडागर्दी और हिंसा पर उतारू हैं।
अक्षम्य अपराध
वहीं बीजेपी प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि जेपी नड्डा के काफिले पर हमला अक्षम्य अपराध है। मैं और मुकुल रॉय इस हमले में घायल हुए हैं। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। पुलिस की मौजूदगी में गुंडों ने हम पर हमला किया। ऐसा लगा जैसे हम अपने ही देश में नहीं हैं।