राजनीति

पीएम मोदी का इमरान खान को पत्र लिखकर बधाई देना सही दिशा में उठाया गया कदम: महबूबा

पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने पाकिस्तानी समकक्ष इमरान खान को पत्र लिखकर बधाई देना सही दिशा में उठाया गया स्वागत योग्य कदम है।

2 min read
Mar 24, 2021
mehbooba-mufti.jpg
Mehbooba Mufti welcomes PM Modi's letter to Pakistan PM Imran Khan

श्रीनगर। पाकिस्तान के साथ बातचीत को बहाल करने और कश्मीर मुद्दे पर दोनों पक्षों को साथ मिलकर किसी ठोस निर्णय पर पहुंचने की हमेशा वकालत करने वाली महबूबा मुफ्ती ने एक बार फिर से कुछ ऐसा ही बयान दिया है।

दरअसल, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने पाकिस्तानी समकक्ष इमरान खान को पत्र लिखकर बधाई देना सही दिशा में उठाया गया स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने आगे कहा, उम्मीद है इससे दोनों देशों में बातचीत और सुलह की प्रक्रिया को बढ़ाव मिलेगा।

महबूबा मुफ्ती ने ट्वीट करते हुए लिखा ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने पाकिस्तानी समकक्ष से संवाद स्थापित करने का यह प्रयास सही दिशा में उठाया गया एक कदम है। जैसा कि वाजपेयी जी कहते थे कि कोई भी अपना दोस्त बदल सकता है, लेकिन पड़ोसी नहीं। मुझे उम्मीद है कि यह बातचीत और सुलह की प्रक्रिया की ओर ले जाएगा.. कश्मीर को शांति की जरूरत है’।

पाकिस्तान नेशनल डे पर पीएम मोदी ने इमरान को दी थी बधाई

आपको बता दें कि सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान नेशनल डे के मौके पर एक पत्र के जरिए इमरान खान को बधाई दी थी। साथ ही उन्होंन नसीहत भी थी। पीएम मोदी ने लिखा था कि पड़ोसी देशों में भरोसे का रिश्ता होना चाहिए। आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है.. भारत पाकिस्तान के साथ दोस्ताना संबंध रखना चाहता है, लेकिन दोस्ती के लिए आतंकमुक्त माहौल की जरूरत है।

उन्होंने पत्र में कहा, 'एक पड़ोसी देश के रूप में, भारत पाकिस्तान के लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध की इच्छा रखता है। इसके लिए, विश्वास का माहौल और आतंक तथा शत्रुता रहित माहौल अनिवार्य है'।

इससे पहले 20 मार्च को जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, तब पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए उनके जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की थी।

Updated on:
24 Mar 2021 06:35 pm
Published on:
24 Mar 2021 06:24 pm