विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने प्रिया रमाणी पर मानहानि का केस किया है।
नई दिल्ली। #MeToo कैंपेन के तहत यौन शोषण के आरोप में घिरे केन्द्रीय विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने पत्रकार प्रिया रमाणी पर मानहानि का केस किया है। सोमवार को उनके वकील करण जवाला ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में केस दर्ज करवाया है। गौरतलब है कि प्रिया रमाणी ने विदेश राज्यमंत्री पर पत्रकारिता करने के दौरान उनके साथ यौन शोषण करने का आरोप लगाया था।
एमजे अकबर कई महिलाओं ने लगाए यौन शोषण के आरोप
गौरतलब है कि प्रिया रमाणी ने एमजे अकबर पर होटल के कमरे में बुलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने अक्टूबर 2017 के अपने एक लेख में उस अनुभव को साझा किया था। प्रिया रमाणी ने लिखा कि उनकी उम्र उस समय 23 साल थी और अकबर की 43 साल। संपादक ने उन्हें एक जॉब के इंटरव्यू के सिलसिले में मुंबई के एक होटल में बुलाया था, जहां वे अक्सर ठहरते थे। उन्होंने आगे लिखा कि जब मैं वहां पहुंची, मुझे इंटरव्यू कम और डेट ज्यादा लगा। मुझे ड्रिंक आॅफर किया गया। बेड पर बैठने को कहा गया। उन्होंने कहा था कि पहले मैंने उनका नाम नहीं दिया, क्योंकि मैं कुछ करना नहीं चाहती थी। लेकिन कई महिलाओं के साथ उत्पीड़न हुआ है, शायद वे भी अपने अनुभव को साझा करेंगी। इसके अलावा कई और महिलाओं ने उनके खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाया है।
विपक्ष मांग रहा इस्तीफा
आपको बता दें कि एमजे पर अकबर जब यौन शोषण का आरोप लगा, उस वक्त वे विदेश दौरे पर थे। विदेश राज्यमंत्री पर यौन शोषण का आरोप लगते ही सियासत गरमा गई। विपक्ष सरकार से अकबर का इस्तीफा लेने के लिए दबाव बनाने लगा। कई नेताओं ने काफी गंभीर आरोप भी लगाएं। मामला बिगड़ता देख एमजे अकबर को बीच में ही अपना दौड़ा स्थगित कर वापस देश लौटना पड़ा। वापस लौटते ही उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया और सोमवार को प्रिया रमाणी के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करवाया है।