
पटना।बिहार में बढ़ती आपराधिक वारदातों को देखते हुए विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर हमला बोल रहा है। शनिवार को एक बार फिर से बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर हमला बोला। तेजस्वी ने सुशील मोदी से ट्वीट कर सवाल किया कि, 'झूठ बोलते समय भगवान से डर नहीं लगता?'। दरअसल, मोदी सरकार सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी सालगिरह भव्यता के साथ मना रही है। देश भर में जश्न का माहौल है। सुशील कुमार मोदी ने शुक्रवार शाम को एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर सर्जिकल स्ट्राइक की सालगिरह पर राजनीति करने का आरोप लगाया। सुशील मोदी ने लिखा कि कांग्रेस और राजद जैसे दल सेना का मनोबल बढ़ाने वाले आयोजन पर भी राजनीति करते हैं। इस ट्वीट के लिखने के दौरान उन्होंने एक त्रुटि कर दी। जिसे तेजस्वी यादव ने पकड़ते हुए पलटवार किया। उन्होंने अपने ट्वीट में 'पराक्रम' की जगह 'परक्रम' लिख दिया।
तेजस्वी का पलटवार
शनिवार को राजद नेता तेजस्वी यादव ने सुशील मोदी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा, ' “पराक्रम” को ‘परक्रम’ लिखने वाले झूठ के निर्माता व अफ़वाह के थोक विक्रेता ये फरेबी पराक्रमी महोदय 4 दिन पहले अपने ही पाले हुए AK-47 वाले अपराधियों से हाथ जोड़ अनुनय-विनय कर अपनी भीरुता से परिपूर्ण संघी पृष्ठभूमि का सार्वजनिक परिचय दे रहे थे। झूठ बोलते समय भगवान से डर नहीं लगता?'। आप को यहां ये बता दें कि हाल ही में डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने अपराधियों से पितृ पक्ष के दौरान अपराधिक गतिविधि नहीं करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था, 'मैं अपराधियों से हाथ जोड़कर आग्रह करूंगा कि कम से कम पितृ पक्ष में छोड़ दीजिए... बाकी दिन तो मना करें न करें कुछ न कुछ तो करते रहते हैं। तेजस्वी का निशाना इसी बयान पर था।
भव्य तरीके से मनाया जा रहा है 'पराक्रम पर्व'
देशभर में सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ की धूम, कई जगह कार्यक्रम हो रहे हैं। 28 से 30 सितंबर तक देश के 51 शहरों में पराक्रम पर्व का आयोजन किया जाना हा। स्कूल, कॉलेजों में भी पराक्रम पर्व मनाया जा रहा है। बता दें कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने पहले ही विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों और विद्यालयों में भी सर्जिकल स्ट्राइक डे मनाने का आदेश दिया था। सैनिकों के साहस और पराक्रम की वीरगाथा का जनता को शौर्यपूर्ण अहसास करने के लिए प्रदर्शनी बी लगी है। राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर, गुजरात के अहमदाबाद और भुज स्टेशन पर यह प्रदर्शनी लगाई गई है। सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान सेना की तरफ से इस्तेमाल किए गए साजो-सामान और हथियार को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने भी सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ पर नई वीडियो जारी है। जिसमें कई नई तस्वीरें भी शामिल हैं। सर्जिकल स्ट्राइस की असली तस्वीर होने का दावा किया गया है। बता दें कि बीजेपी सर्जिकल स्ट्राइक को अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश करती रही है। सर्जिकल स्ट्राइक की दूसरी वर्षगांठ पर देशभर में हो रहे को 2019 के लोकसभा चुनाव के नजरिए से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।