रायपुर

महानदी तटबंध निर्माण में बड़ा खेल! 10वीं के छात्र की मौत के बाद निर्माण एजेंसी और ठेकेदार पर लगे गंभीर सवाल

Chhattisgarh News: महानदी किनारे बनाए जा रहे तटबंध के निर्माण के दौरान 10वीं के छात्र की मौत हो गई। इस घटना ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में कार्रवाई की मांग की है..
2 min read
May 23, 2026
Chhattisgarh news
महानदी तटबंध निर्माण में बड़ा खेल ( Photo - Patrika )

Chhattisgarh News: विनोद जैन. गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोलियारी-पारागांव के बीच महानदी किनारे करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे तटबंध निर्माण कार्य में 16 वर्षीय मजदूर हर्ष साहू की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना ने निर्माण एजेंसी, ठेकेदार और प्रशासनिक निगरानी पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है और लोगों में निर्माण कार्य कर रही फर्म नवभारत इन्फ्राटेक के खिलाफ नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

Chhattisgarh News: काम के दौरान बिगड़ी तबीयत और..

मृतक हर्ष साहू ग्राम खुरसेंगा थाना कुरूद जिला धमतरी का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह अपने नानी के घर में रहकर ग्राम हसदा नंबर-2 में पढ़ाई करता था और 10वीं कक्षा का छात्र था। पुलिस मर्ग डायरी के अनुसार 23 मई की सुबह वह मजदूरी करने निर्माण स्थल पहुंचा था। काम के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। साथी मजदूर उसे उपचार के लिए कुर्रा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे गोबरा नवापारा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नाबालिग मजदूर क्यों

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर करोड़ों के सरकारी निर्माण कार्य में नाबालिग मजदूर से काम क्यों कराया जा रहा था। भीषण गर्मी के बीच निर्माण स्थल पर मजदूरों के लिए हेलमेट, सुरक्षा उपकरण, प्राथमिक उपचार, मेडिकल सुविधा, पर्याप्त पेयजल और स्वास्थ्य जांच जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं तक मौजूद नहीं थीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार और निर्माण एजेंसी नवभारत इन्फ्राटेक केवल काम जल्दी पूरा करने के दबाव में मजदूरों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे थे।

एसडीएम का बयान विवादों में

इधर मामले में विभागीय एसडीएम अग्रवाल का बयान भी विवादों में आ गया है। एसडीएम ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और वे जानकारी जुटा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं कल भी निर्माण स्थल गया था, वहां कोई बच्चा काम करता नहीं दिखा। सभी मजदूर 21 वर्ष से ऊपर के थे। घटना दुखद है।”

निर्माण एजेंसी पर गंभीर आरोप

लेकिन एसडीएम के इस बयान के बाद लोगों में और नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब मृतक 10वीं कक्षा का छात्र था तो उसे 21 साल का मजदूर कैसे बताया जा सकता है। लोगों ने प्रशासन पर ठेकेदार और निर्माण एजेंसी को बचाने का आरोप लगाया है।

अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

मामले में जनपद सदस्य मेनका संजय पटेल ने थाना गोबरा नवापारा में लिखित शिकायत सौंपते हुए ठेकेदार, निर्माण एजेंसी नवभारत इन्फ्राटेक एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में निर्माण कार्य में घोर लापरवाही और मजदूरों की जान से खिलवाड़ का आरोप लगाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो ग्राम पारागांव स्थित अटल चौक के पास चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था, श्रम कानूनों के पालन और निर्माण कार्यों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated on:
23 May 2026 07:12 pm
Published on:
23 May 2026 07:12 pm