CG Fraud News: छत्तीसगढ़ के रायपुर में जमीन की नीलामी के नाम पर 57 लाख 40 हजार 900 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
CG Fraud News: छत्तीसगढ़ के रायपुर में जमीन की नीलामी के नाम पर 57 लाख 40 हजार 900 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कटोरा तालाब निवासी दो सगे भाइयों ने फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों और एक निजी कंपनी के प्रतिनिधि पर षड्यंत्रपूर्वक ठगी करने का आरोप लगाया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता अभिषेक बजाज (29) और दीपेश बजाज (32) ने बताया कि शहीद मनमोहन सिंह बक्शी वार्ड, रायपुर स्थित एक भूमि पूनावाला हाउसिंग फाइनेंस (वर्तमान नाम गृहम हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड) में बंधक थी।
आरोप है कि नेक्सन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी अनिल कुमार विश्वकर्मा ने मार्च 2022 में उनसे संपर्क कर उक्त संपत्ति को नीलामी/समझौते के जरिए कम कीमत पर दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों से ‘सेटिंग’ होने की बात भी कही।
शिकायत के अनुसार, 18 मई 2022 को रायपुर पंजीयन कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और 57 लाख 40 हजार 900 रुपये ले लिए गए। आरोप है कि भुगतान और रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद आज तक जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं सौंपा गया।
मामले में फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों तुषार, इकबाल और बुधराम के नाम भी सामने आए हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि रजिस्ट्री दस्तावेज, भुगतान के सबूत और बंधक संपत्ति की स्थिति की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में अन्य संभावित पीड़ितों से भी संपर्क किया जा रहा है।