रायपुर

CG Crime: पेट्रोल डलवाने के बहाने पहुंचे बाइक सवार बदमाश, लूट के बाद पंप में मैनेजर की हत्या

CG Crime: पेट्रोल पंप में चाकू दिखाकर लूटपाट की। इसके बाद कर्मचारी को चाकू मारकर घायल कर दिया। कर्मचारी का बचाव करने आए मैनेजर की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों बदमाश भाग निकले।
2 min read
Jul 18, 2025
CG Crime: पेट्रोल डलवाने के बहाने पहुंचे बाइक सवार बदमाश, लूट के बाद पंप में मैनेजर की हत्या
पेट्रोल पंप में लूट के बाद मैनेजर की हत्या (Photo Patrika)

CG Crime: शहर में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। नशेड़ी और आदतन बदमाश रात होते ही चाकू लेकर निकलते हैं। किसी से मामूली विवाद होने पर चाकू मार देते हैं। मंदिरहसौद इलाके में दो बदमाशों ने पहले पेट्रोल पंप में चाकू दिखाकर लूटपाट की। इसके बाद कर्मचारी को चाकू मारकर घायल कर दिया। कर्मचारी का बचाव करने आए मैनेजर की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों बदमाश भाग निकले। देर रात पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक उमरिया में मुनोट एचपी फ्यूल्स के नाम से पेट्रोल पंप है। बुधवार की रात पेट्रोल पंप में मैनेजर योगेश मिरी (26) और कर्मचारी अनिल गायकवाड़(22) और चंदू सोनवानी थे। रात करीब 3.30 बजे अभनपुर निवासी समीर टंडन और कुणाल तिवारी पेट्रोल भरवाने के नाम पर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे पर स्कार्फ लगा रखा था। उस समय अनिल ने पेट्रोल भरा।

चिल्हर नहीं देने को लेकर कहासुनी: आरोपी समीर और कुणाल ने 50 रुपए का पेट्रोल डलवाया। इसके बदले में 200 का नोट दिया। चिल्हर नहीं देने को लेकर अनिल और कुणाल के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद अनिल ने अपनी जेब से बिक्री की राशि 15 हजार रुपए निकाली। उसमें से 150 रुपए कुणाल को वापस कर रहा था। इसी दौरान कुणाल ने चाकू निकालकर अनिल पर टिका दिया और उससे बिक्री की पूरी राशि लूट ली। इससे पहले कि अनिल कुछ कर पाता, दोनों आरोपी बाइक स्टार्ट करके भागने लगे। अनिल ने शोर मचाते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, तो कुणाल ने चाकू से उस पर हमला कर दिया।

दोनों आरोपी आदतन बदमाश

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू हुई। सुबह दोनों को पकड़ लिया गया। दोनों को हिरासत में लिया गया है। आरोपी आदतन बदमाश हैं। रात में चाकू लेकर निकलते हैं। आउटर में गुंडागर्दी भी करते हैं।

रात में घूमते हैं चाकू लेकर

शहर हो या आउटर का इलाका रात होते ही आदतन नशेड़ी और बदमाश चाकू लेकर बेखौफ घूमते रहते हैं। अड्डेबाजी भी करते रहते हैं। इस दौरान किसी से मामूली विवाद होने पर चाकू मार देते हैं। आउटर के इलाकों में कई बार रात में लूट, चाकूबाजी और वसूली जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। बदमाश पेट्रोल पंपों को अक्सर निशाना बनाते हैं।

बचाने आए मैनेजर पर ताबड़तोड़ वार

चाकू के हमले से अनिल बुरी तरह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। इस बीच पेट्रोल पंप के मैनेजर योगेश भी उन्हें बचाने पहुंच गया। वह आरोपियों को पकड़ने लगा। इसके बाद आरोपी कुणाल और समीर ने मिलकर उस पर भी चाकू से हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ वार से योगेश वहीं बेसुध होकर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों आरोपी अपनी बाइक से फरार हो गए। पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। योगेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Updated on:
18 Jul 2025 09:52 am
Published on:
18 Jul 2025 09:52 am