
CG Dhan kharidi: प्रदेश में जारी धान खरीदी के दौरान महासमुंद के एक किसान ने परेशान होकर सुसाइड की कोशिश की है। किसान मनबोध गांडा ने टोकन नहीं कटने पर ब्लेड से खुद का गला काटने का प्रयास किया। ( CG News ) शनिवार को सामने आई इस घटना के बाद अब सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने आज सरकार का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेसी नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पंकज शर्मा, विकास उपाध्याय, प्रमोद दुबे, शहर अध्यक्ष कुमार मेनन समेत अन्य कांग्रेसी प्रदर्शन में शामिल रहे। इस दौरान प्रदेश सरकार के कामों को लेकर जमकर आलोचना की गई। कहा कि प्रदेश के किसान धान खरीदी को लेकर हर दिन नई-नई समस्याओं से परेशान हैं, वहीं उनकी सुनवाई कहीं नहीं हो रही। आलम यह है कि किसान मजबूरी में ऐसे घातक कदम उठा रहे हैं।
महासमुंद जिले केबागबहरा विकासखंड के ग्राम सेनभांठा** के एक बुजुर्ग किसान तीन-चार दिनों से टोकन कटाने का प्रयास कर रहे थे। बताया गया कि लिमिट कम होने से ऑनलाइन टोकन नहीं कट पा रहा था। इसे लेकर वह बेहद परेशान थे। शनिवार को उन्होंने ब्लेड से अपने गले को काटकर आत्महत्या की कोशिश की। उन्हें गंभीर हालत में बागबहरा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने सर्जरी कर किसान की जान बचाई।