
CG Election 2025: छत्तीसगढ़ के रायपुर में नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा जल्द ही अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। इसके साथ ही भाजपा विधानसभा चुनाव की तर्ज पर नगरीय निकाय चुनाव के लिए आरोप पत्र भी जारी करेगी। पार्टी स्तर पर इसकी तैयारी तेज हो गई है।
वहीं निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने तीन अन्य मंत्रियों के साथ बैठक की। इसमें चुनाव रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया भाजपा एक आरोप पत्र लेकर आ रही है। इसमें अलग-अलग नगर निगम में कांग्रेस महापौर की ओर से की गई गड़बड़ी का खुलासा होगा।
पार्टी यह आरोप पत्र जनता के बीच लेकर जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार नगरीय निकायों में कांग्रेस शासन काल में हुई गड़बड़ियों की जांच करेगी। उनका कहना है, ज्यादातर नगरी निकायों में कांग्रेस के महापौर रहे। वहां विकास के काम नहीं हुए, सिर्फ सरकारी फंड को लूटने का काम और भ्रष्टाचार हुआ। हम इसकी जांच कराएंगे।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व नगरीय निकाय चुनाव के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सवन्नी ने कहा, कांग्रेस नगरीय निकाय चुनाव में भी अंतर्कलह से जूझ रही है। कांग्रेस के कार्यकार्ता और पदाधिकारियों ने खुद कांग्रेस में टिकट बेचे जाने का आरोप लगा रहे हैं। ये कोई नई बात नहीं है, क्योंकि कांग्रेस हर चुनाव में कांग्रेस टिकट बेचती है, फिर उनके जनप्रतिनिधि चुनाव जीतने के बाद भ्रष्टाचार कर दिए हुए पैसे की पूर्ति करते हैं। कांग्रेस का जनता के कल्याण और विकास कार्य से कोई मतलब नहीं है। वे जब भी सत्ता में आते हैं, सिर्फ भ्रष्टाचार और लूट मचाते हैं।