रायपुर

CG Politics: निगम-मंडलों में नियुक्ति के लिए चर्चाएं शुरू, जिलों से भी नाम मांगने की तैयारी

CG Politics: कोर ग्रुप की बैठक में विधानसभा उपचुनाव, नगरीय निकाय चुनाव और निगम-मंडल की ( CG election News ) नियुक्ति पर चर्चा हुई...
2 min read
Aug 04, 2024
Chhattisgarh BJP

cg politics: भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मैराथन बैठकें की। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठन के विभिन्न कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा हुई। कोर ग्रुप की बैठक में विधानसभा उपचुनाव, नगरीय निकाय चुनाव और निगम-मंडल की नियुक्ति पर चर्चा हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं को संतुष्ट करने के लिए कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की। इसमें निगम-मंडल में नियुक्ति के लिए जिलों से भी नाम मांगे जाने पर चर्चा हुई।

cg politics: निकाय चुनाव के बाद निगम-मंडल में नियुक्ति

cg politics: माना जा रहा है कि निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के बाद निगम-मंडल में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बैठक से पहले प्रदेश प्रभारी नबीन ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि समय आने पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को प्रदेश प्रभारी नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री पावन साय ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने और आभार प्रदेश महामंत्री राम भारती ने किया। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्रिमंडल के सदस्य और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

cg politics: सत्ता और संगठन एक साथ बैठक

प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में सत्ता और संगठन की भी एक अलग बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री शामिल हुए। इसमें सरकार के कामों को संगठन के माध्यम से जनता तक ले जाने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही इस बात का संदेश देने का प्रयास हुआ कि आने वाले समय में सत्ता और संगठन समन्वय बनाकर काम करेंगे। बताया जाता है कि बैठक में सरकार के कामकाज सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

cg politics: मीडिया से कही ये बात

एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश प्रभारी नबीन ने कहा, नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर संगठन अपनी पूरी तैयारी कर रहा है। हमारे कार्यकर्ता मुस्तैदी से चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। वहीं विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को जीत की उम्मीद पर प्रभारी नबीन ने कहा, कांग्रेस की उम्मीदें तो राजनांदगांव में भी बढ़ी हुई थी।

उनकी उम्मीदें तो हर जगह बड़ी रहती है। उम्मीद के साथ-साथ कर्म भी करना पड़ता है, जिन्होंने काम ही नहीं किया वो उम्मीद क्यों करते हैं। हरेली तिहार के आयोजन पर उन्होंने कहा, भाजपा विरासत को हमेशा बचाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा विरासत पर चोट किया है। यही कारण है आज कांग्रेस का अस्तित्व समाप्ति की ओर है।

यह होंगे कार्यक्रम

11 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा।

13 से 15 अगस्त हर घर तिरंगा अभियान। इसमें बच्चों को भी जोड़ेंगे।

12 से 14 अगस्त तक महापुरुषों की प्रतिमा एवं स्मारकों के आस-पास स्वच्छता अभियान।

13 से 15 अगस्त तक महापुरुषों एवं भारत माता के वीर सपूतों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर संगोष्ठी व सम्मेलन।

Updated on:
04 Aug 2024 07:22 pm
Published on:
04 Aug 2024 02:27 pm