
रायपुर. भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों के दौरे का खाका तैयार कर लिया है। इसके तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 नवम्बर को जगदलपुर में बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं पहले चरण के चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पांच दिन छत्तीसगढ़ में बिताएंगे। यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को बस्तर दौरे पर रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहीं।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बताया कि मिशन 65 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पार्टी ने पूरी तैयारी कर ली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी छत्तीसगढ़ को विशेष समय देंगे। इसके तहत 9 नवम्बर को जगदलपुर में बड़ी सभा करेंगे। बस्तर में कांग्रेस की चुनौती पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, राज्य और केंद्र सरकार ने विकास की क्रम में बस्तर को प्राथमिकता में रखा है। यह हमारी स्थिति मजबूत है। बस्तर के लिए आने वाला पांच साल शांति और विकास का होगा। उन्होंने बताया कि घोषणा पत्र तैयार करने का काम अंतिम चरण में जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। मालूम हो कि मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह प्रदेश के सभी 90 विधानसभा चुनाव में जनसभा को संबोधित कर पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। मुख्यमंत्री ने शनिवार को बस्तर से इसकी शुरुआत कर दी है। पहले दिन उन्होंने बस्तर में चार जनसभा को संबोधित किया है।
केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर आज छत्तीसगढ़ प्रवास पर
केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर 28 अक्टूबर को अपने एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे जगदलपुर, बिलासपुर और रायपुर में स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। तय कार्यक्रम के तहत वे सुबह 10.15 बजे राजधानी रायपुर पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर से स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने रवाना होंगे। केन्द्रीय मंत्री दोपहर 12 बजे जगदलपुर, दोपहर 3 बजे बिलासपुर और शाम 5 बजे रायपुर के स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम 7.40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।