रायपुर

राजनाथ बोले – कांग्रेस ने गरीबी नहीं, गरीबों को साफ कर दिया, अब उसके घोषणा पत्र का क्या औचित्य

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार करने स्टार प्रचारक और केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ अपने दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन गुरुवार को रायपुर पहुंचे।
2 min read
Nov 15, 2018
CG Election 2018
राजनाथ बोले - कांग्रेस ने गरीबों को साफ कर दिया, अब उसके घोषणा पत्र का क्या औचित्य

रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लिए प्रचार करने स्टार प्रचारक और केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ अपने दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन गुरुवार को रायपुर पहुंचे। राजनाथ सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश में चौथी बार भाजपा के सरकार बनाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक सभाओं में जनता का मूड देखने के बाद प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रति बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि सामान्यत: लंबे समय तक काम करने वाली किसी भी राजनीतिक पार्टी या मुख्यमंत्री को लेकर एक अविश्वास का संकट पैदा होता है। लेकिन छत्तीसगढ़ में ठीक इसके विपरीत 15 वर्षों के बाद भी भाजपा और यहां के मुख्यमंत्री रमन सिंह की विश्वनीयता बढ़ी है।

कांग्रेस पर साधा निशाना
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश में कांग्रेस समेत समस्त विपक्षी राजनीतिक पार्टियां इस समय विश्वसनीयता के संकट से जूझ रही हैं। कांग्रेस जनता के बीच अपना विश्वास खो चुकी है। यही कारण है कि कांग्रेस अपने मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं कर पाई है। बिना दूल्हे के ही बारात लेकर आगे बढ़ गए।

राजनाथ ने की रमन सिंह की तारीफ
केन्द्रीय गृहमंत्री ने प्रदेश के मुख्यमंत्री रमन सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रमन सिंह के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार ने 15 वर्षों में करिश्माई काम किया है। 2003 में सत्ता संभालने के बाद रमन सिंह ने कहा था कि प्रदेश में परिवर्तन लाकर रहूंगा। आज परिवर्तन दिख रहा है। यह परिवर्तन केवल छत्तीसगढ़ के लोगों को ही नहीं दिख रहा है। छत्तीसगढ़ से बाहर से आने वाले लोगों को भी यह एहसास हो रहा है कि यह पहले वाला छत्तीसगढ़ नहीं है।

कांग्रेस के घोषणा पत्र पर उठाए सवाल
राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी किया है। जो राजनीतिक पार्टी अपना विश्वास खो चुकी हो, उसके घोषणा पत्र का औचित्य क्या है। कांग्रेस ने तो 1970 में कहा था गरीबी हटाएंगे, गरीबी तो नहीं हटी गरीबों को साफ कर दिया। आपकों बतादें कि राजनाथ सिंह आज छत्तीसगढ़ में सरायपाली, सारंगढ़, प्रतापपुर और कोटा में पार्टी के लिए चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

इससे पहले केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जांजगीर चांपा जिले के सक्ती में बुधवार को चुनावी सभा के दौरान रफाल मामले को लेकर देश के राजनीतिक गलियारों में मचे बवाल पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। राजनाथ ने कहा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष झूठ को सौ बार बोल कर सच बनाना चाहते हैं। रफाल मामले में प्रधानमंत्री मोदी का बचाव करते हुए राजनाथ ने कहा कि मोदी जी किसके लिए कमीशन लेंगे। न तो बीवी है और ना ही बच्चा, तो क्या अपनी सौ साल की मां के लिए कमीशन लेंगे।

Updated on:
15 Nov 2018 01:27 pm
Published on:
15 Nov 2018 01:22 pm