
रायपुर. Political Crisis in Chhattisgarh: कांग्रेस आलाकमान के बुलावे पर दिल्ली पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) की कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मुलाकात शुरू हो गई है।
खबरों के अनुसार इस बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया भी मौजूद हैं। बंद कमरे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राहुल गांधी की प्रियंका गांधी और प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया की मौजूदगी में मुलाकात चल रही है। माना जा रहा है थोड़ी देर में छत्तीसगढ़ में सियासी संकट को लेकर आलाकमान स्थिति स्पष्ट करेंगे।
उधर, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के आवास पर करीब 2 घंटे तक कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई। इस बैठक में छत्तीसगढ़ से दिल्ली पहुंचे 3 मंत्री सहित 50 से अधिक कांग्रेस विधायक शामिल हुए।
इसके बाद सभी विधायक एआईसीसी पार्टी मुख्यालय जाएंगे, जहां उनकी पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात होगी। मंगलवार को राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टी.एस. सिंह देव से मुलाकात की थी, जो शीर्ष पद के दावेदार हैं।