महतारी हुंकार रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर कई आरोप लगाए। वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए हुंकार रैली को फलाप शो बताया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर हमला बोला। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में रवाना होने से पहले राजधानी में सीएम ने कहा, केंद्रीय मंत्री को बताना चाहिए कि ट्रेनें क्यों बंद हैं? क्या इसमें महिलाएं यात्रा नहीं करती हैं? सबसे ज्यादा महिलाएं ही यात्रा करती हैं।
भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार को आयोजित महतारी हुंकार रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ सरकार पर जमकर बरसीं। स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर कई आरोप लगाए। वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए हुंकार रैली को फलाप शो बताया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर हमला बोला। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में रवाना होने से पहले राजधानी में सीएम ने कहा, केंद्रीय मंत्री को बताना चाहिए कि ट्रेनें क्यों बंद हैं? क्या इसमें महिलाएं यात्रा नहीं करती हैं? सबसे ज्यादा महिलाएं ही यात्रा करती हैं। यह सबसे सुविधाजनक और सस्ता साधन है। इसको बंद करके रखे हैं। स्मृति ईरानी आईं हैं, तो जरूर इसमें सुधार होगा। केंद्रीय मंत्री को तुलना करना है, तो उप्र से करना चाहिए कि वहां और यहां महिला अत्याचार की क्या स्थिति है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, आज भाजपा ने उनकी महिला मोर्चा ने महतारी हुंकार रैली बिलासपुर में निकाला, लेकिन एक बार फिर से भाजपा के इस काल्पनिक और मनगढ़ंत मुद्दों को जनता ने नकार दिया। भाजपा ने दावा किया था 1 लाख महिलाएं आएगी, लेकिन बमुश्किल से 6 से 7 हजार महिलाएं आईं। भाजपा ने महिला अपराध, शराबबंदी पर रैली निकाली लेकिन हकीकत में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद इन दोनों ही मामलों में स्थिति बेहतर है। छत्तीसगढ़ में महिलाओं के साथ अपराधों में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद 62 प्रतिशत की कमी आई है।
हुंकार रैली में स्मृति के निशाने पर राज्य सरकार
महतारी हुंकार रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीब परिवारों को मुफ्त में अनाज दे रहे थे, तब कांग्रेस सरकार प्रदेश में ऑनलाइन शराब बेच रही थी। उन्होंने कहा कि जब-जब मैं अमेठी से छत्तीसगढ़ आती हूं कांग्रेस नेताओं के पेट में दर्द होने लगता है। शुक्रवार दोपहर महतारी हुंकार रैली में शामिल हुईं केन्द्रीय मंत्री ईरानी के साथ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, केन्द्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव समेत प्रदेश के बड़े नेता शामिल हुए। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 16 लाख परिवारों के आवास छीने हैं। 22 हजार स्वसहायता समूहों की महिलाओं से रोजगार भी छीना है।
महिलाओं को सुरक्षा देने की कसम भी झूठी- रेणुका
केन्द्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल ने घोषणा पत्र जारी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा की घोषणा और हाथ में गंगाजल लेकर कसम खाई थी। प्रदेश में जनवरी-अक्टूबर 2022 के बीच 13 हजार आपराधिक मामले महिलाओं से जुड़े हैं। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि जब से प्रदेश में स्मृति ईरानी के आने की खबर कांग्रेसियों ने सुनी है तभी से वे डर रहे हैं।
हम घर में घुसकर ललकारते हैं
स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं भी साधारण परिवार से हूं और भाजपा की कार्यकर्ता हूं। दुश्मन को दूर से नहीं ललकारते उसके घर में घुसकर मुंहतोड़ जवाब देते हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार जनता की तिजोरी सुरक्षित रखने के बजाय जनता को लूटने का काम कर रही है।
स्मृति ने लगाए सरकार पर इल्जाम :
कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
6 हजार महिलाओं के साथ अनाचार हुआ, हजारों बच्चियों का अपहरण।
अगस्त महीने में प्रदेश में दुष्कर्म पीड़िता की शिकायत दर्ज नहीं होती। महिला की खुदकुशी करने के बाद सरकार एफआईआर करती है।
100 दिनों में शराबबंदी की कसम खाई थी, 4 साल बाद कसम अधूरी।