रायपुर

मरवाही उपचुनाव: कांग्रेस का बड़ा आरोप, भाजपा और जोगी कांग्रेस में 10 करोड़ की डील

- रमन बोले-कांग्रेस को हर जगह सिर्फ डील ही दिखती है- मरवाही उपचुनाव (Marwahi Bypoll) प्रदेश का सियासी पारा गरमाया
2 min read
Oct 31, 2020
bjp_jogi_congress.jpg

रायपुर. मरवाही उपचुनाव (Marwahi BY-election) के आखिरी दौर में प्रदेश का सियासी पारा गरमा गया है। जकांछ ने शुक्रवार को भाजपा के साथ समझौता करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील कर दी है। इसके विरोध में कांग्रेस ने भी सियासी दांव खेलते हुए 10 करोड़ की डील का आरोप लगा दिया। कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह का कहना है, भाजपा-जकांछ में समझौते के लिए 10 करोड़ की डील हुई है। पूरे शहर में इसकी चर्चा है। अंतागढ़ टेपकांड की तरह इसका खुलासा भी जल्द होगा। इधर, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, कांग्रेस को हर जगह सिर्फ डील ही दिखती है।

यह है कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता सिंह ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति 10 करोड़ रुपए लेकर मरवाही की जनता का सम्मान बेचना चाहता है, तो यह जनता का अपमान है और यहां की जनता अपने अपमान का बदला 3 नवम्बर को जरूर लेगी। उन्होंने कहा, समय के साथ इसके सबूत सबके सामने आ जाएंगे। अंतागढ़ के सबूत आने में भी एक साल लग गए थे, हो सकता है यहां के सबूत छह महीने में या फिर एक साल में सामने आ जाए। उन्होंने कहा, वहां डील सात करोड़ की थी और यहां 10 करोड़ की है। यह चर्चा गली-गली में हैं। उन्होंने जोगी परिवार पर गद्दारी का आरोप भी लगाया है। अंतागढ़ से जो सिलसिला शुरू हुआ है, वो मरवाही तक चला आ रहा है।

आरोपों से व्यथित होकर भाजपा के साथ आए
इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा, कांग्रेस के नेताओं को तो हर जगह सिर्फ डील ही दिखती है। प्रदेश में शराब, रेत, कोयला की डील हो रही है। इस पर कांग्रेस को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस को खरीद-फरोख्त के सिवाय दूसरा कुछ दिखता ही नहीं है। उन्होंने कहा, रेणु जोगी स्वभिमानी महिला हैं। इसके बाद यदि अजीत जोगी का अपमान होता है तो रेणु जोगी चुप नहीं बैठ सकती थीं। स्वाभिमान की रक्षा के लिए रेणु बाहर आईं और अपने लिए वोट नही मांग रही है। उन्होंने तो मरवाही की जनता को ही कहा कि मेरे स्वाभिमान की रक्षा करें और कांग्रेस को हराएं।

सीएम बोले- मरवाही कांग्रेस का गढ़़
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, मरवाही कांग्रेस का गढ़ रहा है। यहां जो भी दूसरे दल का व्यक्ति चुनाव जीता है, वो कांग्रेस छोड़कर गया हुआ है। विधायकों और मंत्रियों की फौज पर मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा के पास सिर्फ 14 विधायक है। इससे पहले भी प्रचार में विधायक और मंत्री आते रहे हैं।

Updated on:
31 Oct 2020 11:42 pm
Published on:
31 Oct 2020 11:42 pm