रायपुर

Crime News: पति की मारपीट से दुखी महिला ने महिला थाने में किया आत्मदाह

पुलिस के मुताबिक पुरानी बस्ती इलाके की वर्षा गोस्वामी (27) बुधवार को दोपहर करीब 12.15 बजे महिला थाना पहुंची। उसने खुद पर पेट्रोल डाल रखा था। थाना पहुंचते ही उसने खुद पर आग लगा ली। चीख-पुकार मचाते हुए वह महिला थाना के भीतर पहुंची

2 min read
Sep 11, 2025
Crime News: पति की मारपीट से दुखी महिला ने महिला थाने में किया आत्मदाह

रायपुर में पति की मारपीट से तंग आकर एक महिला पुलिस के पास पहुंची, लेकिन पुलिस ने भी उचित एक्शन नहीं लिया। वह महिला आयोग भी पहुंची। वहां भी उसे राहत नहीं मिली,तो निराश होकर वह महिला थाना पहुंची। इसके बाद उसने खुद को आग लगा ली। इससे वह करीब 70 फीसदी झुलस गई। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चीख-पुकार मचाते महिला थाना के भीतर पहुंची

पुलिस के मुताबिक पुरानी बस्ती इलाके की वर्षा गोस्वामी (27) बुधवार को दोपहर करीब 12.15 बजे महिला थाना पहुंची। उसने खुद पर पेट्रोल डाल रखा था। थाना पहुंचते ही उसने खुद पर आग लगा ली। चीख-पुकार मचाते हुए वह महिला थाना के भीतर पहुंची। यह देखकर महिला थाने में तैनात पुलिस वालों के होश उड़ गए। उन्होंने महिला को पकड़ा। इसके बाद उसके शरीर में पानी डालकर आग को बुझाया। आग से महिला के शरीर के कपड़े जल गए। वह बुरी तरह झुलस गई। महिला को डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक वह 70 फीसदी झुलस गई है। पुलिस ने उसका मजिस्टि्रयल बयान भी दर्ज कराया है। महिला के परिजनों ने उसके पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

20 मिनट तड़पती रही, समय पर नहीं पहुंची एंबुलेंस-डॉयल 112

आग बुझाने के बाद महिला बुरी तरह तड़प रही थी। महिला थाना वालों ने डॉयल 112 और एंबुलेंस सर्विस को सूचना दी थी, लेकिन दोनों वाहन समय पर नहीं पहुंचे। करीब 30 मिनट तक दोनों वाहन नहीं पहुंचे। उतने समय तक अग्निदग्ध महिला जलन और दर्द से तड़पती रही। उस समय थाने में भी चौपहिया वाहन उपलब्ध नहीं था।

प्रेम विवाह, फिर भी करता था मारपीट

वर्ष 2020 में वर्षा ने शिवम गोस्वामी से प्रेम विवाह किया था। दोनों से 5 साल और 4 साल की दो संतान हैं। शिवम अक्सर शराब पीकर आता था और पत्नी से मारपीट करता था। वर्षा ने इसकी शिकायत मार्च 2024 में महिला थाने में की थी। पुलिस का दावा है कि पति पत्नी दोनों काउंसलिंग में नहीं पहुंचे थे। इसके बाद सितंबर 2024 में फिर शिवम ने उससे मारपीट की तो उसकी शिकायत पुरानी बस्ती थाने में की। शिवम के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। शिवम कुछ देर में ही छूट गया। उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती थी। मंगलवार की रात फिर शिवम ने उससे मारपीट की। उसे घर से निकाल दिया। इससे परेशान होकर बुधवार सुबह वह महिला आयोग पहुंची, लेकिन वहां भी उसे राहत नहीं मिली। इससे दुखी होकर वह महिला थाना पहुंची और खुद पर आग लगा ली। बताया जाता है कि उसका पति आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह पुलिस से शिकायत करती थी, लेकिन पति के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती थी। इससे महिला बुरी तरह निराश हो चुकी थी। महिला की बहन रेणु ने भी शिवम पर कई आरोप लगाए हैं।

जब भी शिकायत की है, पुलिस ने कार्रवाई की

महिला बाहर से ज्वलनशील डालकर थाना पहुंची थी। अचानक उसने खुद पर आग लगाई। इसके बाद थाना के भीतर प्रवेश किया। महिला ने मार्च 2024 में शिकायत की थी, लेकिन काउंसलिंग में नहीं पहुंची थी। पुरानी बस्ती थाने में जब भी शिकायत की है, पुलिस ने कार्रवाई की है। वह अपने पति से प्रताडि़त थी।
-ममता देवांगन, एएसपी, आईयूसीएडब्ल्यू रायपुर

Published on:
11 Sept 2025 12:44 am
Also Read
View All