
Chhattisgarh Political News: कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम के पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस के दिन का बताकर सोशल मीडिया पर भ्रामक व विद्वेषपूर्ण दुष्प्रचार करने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। भाजपा प्रतिनिधि मंडल की शिकायत के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर पर एफआईआर दर्ज हुआ है।
बीजेपी ने सिविल लाइंस पुलिस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई व एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। भाजपा प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर तथा एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल @GenZ_of_India द्वारा कुरुद (जिला धमतरी) में 22 मार्च को आयोजित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' के दौरान पार्टी ध्वज फहराए जाने के फोटो एवं वीडियो को जानबूझकर 15 अगस्त का बताकर प्रसारित किया गया।
उक्त हैंडल्स द्वारा यह झूठा दावा किया गया कि भाजपा जनप्रतिनिधियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर पार्टी का झंडा फहराया गया है। इस तरह स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुराने व असंबद्ध वीडियो को नए संदर्भ में प्रस्तुत कर जनता के बीच भ्रम, राजनीतिक तनाव और अशांति फैलाने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास किया गया है।
बीजेपी के अनुसार कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए तिरंगे के अपमान की बात लिखी, इसके अलावा कांग्रेस नेत्री डॉ. रागिनी नायक ने पोस्ट पर देशद्रोही लिखा।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक, डॉ. किरण बघेल, राजीव चक्रवर्ती, प्रदेश मीडिया सह संयोजक राहुल राय, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कृतिका जैन, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष राहुल राव, युवा मोर्चा मीडिया प्रभारी वासु शर्मा शामिल थे।