रायपुर

Holi 2026: होली पर पुलिस की ताबड़तोड़ सख्ती, नशे में ड्राइविंग पर 130 चालकों के खिलाफ कार्रवाई

Holi 2026: छत्तीसगढ़ में होली पर्व को देखते हुए राजधानी में यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चलाया।

2 min read
Mar 03, 2026
Holi 2026: होली पर पुलिस की ताबड़तोड़ सख्ती, नशे में ड्राइविंग पर 130 चालकों के खिलाफ कार्रवाई(photo-patrika)

Holi 2026: छत्तीसगढ़ में होली पर्व को देखते हुए राजधानी में यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चलाया। विशेष जांच के दौरान 130 वाहन चालक शराब के नशे में गाड़ी चलाते पकड़े गए, जिनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर और पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के मार्गदर्शन में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में 42 चेकिंग पॉइंट बनाए गए।

Holi 2026: 42 चेकिंग पॉइंट पर सघन जांच

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला एवं दौलत राम पोर्ते के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त सतीष ठाकुर, सुरेन्द्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, गुरजीत सिंह एवं श्रीमती सीमा अहिरवार के नेतृत्व में टीमों ने शाम से देर रात तक अभियान चलाया। सभी चेकिंग पॉइंट पर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान 130 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।

कार्रवाई किए गए वाहनों में

कार्रवाई के दौरान कुल 130 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई, जिनमें 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक तथा 15 टाटा एस पिकअप और ई-रिक्शा वाहन शामिल हैं। सभी वाहनों को जब्त कर मोटरयान अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।

मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई

सभी मामलों में मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत वाहन जब्त कर कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों को यातायात मुख्यालय परिसर एवं संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस के अनुसार होली के बाद सभी प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे, जहां प्रत्येक मामले में 10,000 से 15,000 रुपये तक का अर्थदंड लगाया जा सकता है।

होली तक जारी रहेगा अभियान

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली तक विशेषकर रात के समय नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार की खुशियों को सुरक्षित तरीके से मनाएं और नशे में वाहन चलाकर अपनी व दूसरों की जान जोखिम में न डालें।

Updated on:
03 Mar 2026 01:09 pm
Published on:
03 Mar 2026 01:06 pm
Also Read
View All

अगली खबर