
CG Weather Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है, लेकिन छत्तीसगढ़ में अब भी बारिश सामान्य से कम दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहीं, जबकि दक्षिणी जिलों में मध्यम बारिश हुई। राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस बढ़ गई और तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही कई जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। हालांकि दक्षिण बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश जिलों में अपेक्षित बारिश नहीं होने से बारिश का आंकड़ा अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। गुरुवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रायपुर (माना)में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इनमें गंगालूर– 3 सेमी, दंतेवाड़ा, करपावंड, पेण्ड्रा रोड, गीदम, लोहंडीगुडा और सकोला– 2-2 सेमी, रेंगाखार कला, बस्तर, मरवाही, धानोरा, डोंगरगढ़, धबहारपुर और भैरमगढ़– 1-1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, औसत समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, रोहतक, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में बने निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, फुरसतगंज, डेहरी, धनबाद, बांकुरा और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह सिस्टम अगले 24 घंटों में उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है, लेकिन इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा), बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा इन जिलों के लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की घटनाओं से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर अपेक्षाकृत अधिक वर्षा होने की संभावना है, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।