रायपुर

IPL शुरू होते ही फैला सट्टे का नेटवर्क, लेकिन पुलिस की जाल में फंस रहे हैं केवल छोटे सटोरिए

- बड़े खिलाड़ियों तक नहीं पहुंच पा रही पुलिस- एक सप्ताह में 15 सटोरियों पर हुई कार्रवाई

2 min read
Oct 04, 2020
IPL starts, but only small bookies are getting caught in police trap
IPL शुरू होते ही फैला सट्टे का नेटवर्क, लेकिन पुलिस की जाल में फंस रहे हैं केवल छोटे सटोरिए

रायपुर. आईपीएल क्रिकेट (IPL) शुरू होते ही बड़े पैमाने पर शहर में सट्टा शुरू हो गया है। पुलिस ने भी सट्टे (IPL Betting) पर सख्ती शुरू कर दी है, लेकिन इसमें केवल छोटे सटोरियों के खिलाफ ही कार्रवाई हो रही है। बड़े खिलाड़ियों तक पुलिस पहुंच नहीं पा रही है। पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में 15 सटोरियों को पकड़ा है। इनमें सभी दूसरों से लाइन लेकर सट्टा बुक कर रहे थे।

कई बड़े सटोरिए हैं, जो लाइन देकर रोज लाखों रुपए का मुनाफा कूट रहे हैं। पुलिस उन लोगों को पकड़ नहीं पा रही है। पुलिस ने पिछले साल भी इसी तरह का क्रिकेट सटोरियों के खिलाफ अभियान चलाया था। पुलिस ने मुंबई से भी बड़े सटोरियों को पकड़ा था। इस बार भी उनमें से कई सटोरिए सक्रिय हैं, लेकिन पुलिस की साइबर टीम भी उन्हें ट्रेस नहीं कर पा रही है।

क्रेडिट लेकर खेल रहे सट्टा
पुलिस की जांच में सामने आया है कि कई बड़े खाईवालों ने मोबाइल एप भी डवलप कर लिया है। मोबाइल एप में एक निश्चित राशि तय रहती है, उतनी राशि तक ही सट्टा खेल सकते हैं। वह राशि खत्म होने के बाद दोबारा क्रेडिट लेना पड़ता है। जैसे एप में 50 हजार रुपए का क्रेडिट है, तो उतनी राशि का ही सट्टा लगा सकते हैं। इसके खत्म होने पर फिर से क्रेडिट लेना होगा। इस तरह के कई एप सटोरियों के पास मौजूद है।

बड़ी राशि के लिए कुरियर बॉय
10 लाख से अधिक राशि का भुगतान शहर में करने के लिए कुरियर बॉय लगा रखे हैं। जो बड़े-बड़े खाईवाल के पैसों को एक जगह से दूसरे जगह पहुंचा रहे हैं। राजेंद्र नगर पुलिस ने ऐसे ही एक युवक को पकड़ा था। वह सट्टे की राशि किसी दूसरे को छोडऩे जा रहा था, लेकिन पुलिस ने छापा मारकर उसे पकड़ लिया। पुलिस ऐसे लोगों की भी तलाश में है, जो सट्टे का पैसा लाने-ले जाने का काम करते हैं।

रायपुर एएसपी-क्राइम अभिषेक माहेश्वरी ने कहा, पुलिस की साइबर टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक 15 सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Published on:
04 Oct 2020 02:17 pm