रायपुर

जमीन बंटवारा विवाद के चलते सगे भाई ने कर दी छोटे भाई की हत्या

राजधानी रायपुर के उरला इलाके में चार दिन पहले हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या मृतक के सगे बड़े भाई ने ही की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Dec 17, 2021
Crime in Ambikapur
Theft in house

रायपुर. राजधानी रायपुर के उरला इलाके में चार दिन पहले हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या मृतक के सगे बड़े भाई ने ही की थी। अपने साथियों के साथ मिलकर उसे शराब पीने के बहाने सुनसान स्थान पर ले गए और वहां रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दिया। इसके बाद शव को नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक विजय कुमार जायसवाल का शव 14 दिसंबर को मैटल पार्क के पास स्थित नाले में मिला था। उसके गले में रस्सी बंधी थी। मामले की जांच में लगी उरला पुलिस ने विजय के रिश्तेदारों और गांव के लोगों से पूछताछ की। इससे पता चला कि विजय के बड़े भाई गोपाल प्रसाद जायसवाल के साथ जमीन बंटवारे को लेकर विवाद था। पुलिस ने शक के आधार पर गोपाल को पकड़ा और पूछताछ की।

थोड़ी देर तक पुलिस को उलझाने के बाद गोपाल ने अपने भाई विजय की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने अपने साथी ननका कुर्रे और बुधराम बंजारे के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। उसने बताया कि उनके गांव में 4 एकड़ जमीन है। पिता की मौत के बाद जमीन उसके नाम पर चढऩा चाहिए था, लेकिन विजय ने अपने नाम पर करवा लिया था और उसे बंटवारा भी नहीं दिया गया था। इससे वह नाराज चल रहा था।

ऐसे की हत्या
बंटवारा नहीं मिलने से गोपाल काफी नाराज था। इस बीच उसकी बहनों ने भी लिखकर दे दिया था कि वे विजय से बंटवारा नहीं लेंगी। इससे गोपाल और नाराज हो गया। इसके बाद उसने अपने साथी ननका और बुधराम के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की योजना बनाई। योजना के तहत गोपाल एक दिन विजय को ढूंढने आया और उसके निवास का पता करके वापस चला गया। इसके बाद तीनों 12 दिसंबर को पहुंचे और विजय को फैक्ट्री के पास मिल गए।

इसके बाद चारों काफी दिन बाद मिलने के अवसर पर शराब पीने के लिए चले गए। घटना स्थल पर चारों ने शराब पी। फिर जैसे ही विजय शराब के नशे में धुत हुआ, तीनों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया और शव नाले में फेंक कर भाग निकले। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बुधराम पुराना अपराधी है। हत्या के एक मामले में सजा काट चुका है। ननका भी दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है।

Published on:
17 Dec 2021 12:15 pm