स्मार्टफोन धारकों को यह सुविधा पहले छह महीने तक ही मुफ्त मिलेगी
रायपुर . छत्तीसगढ़ संचार क्रांति योजना के तहत सरकार प्रदेशभर के 45 लाख लोगों को स्मार्टफोन के साथ इंटरनेट डाटा और फ्री कॉलिंग सुविधा इसी महीने से देने जा रही है। मुख्यमंत्री रमन सिंह ने बजट पेश करते हुए सूचना क्रांति के तहत प्रदेश 45 लाख लोगों को मुफ्त स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसके अंतर्गत स्मार्टफोन धारकों को यह सुविधा पहले छह महीने तक ही मुफ्त मिलेगी।
प्रदेश के 45 लाख परिवारों को सरकारी स्मार्टफोन का वितरण मई महीने से शुरू होगा। यह वितरण सितम्बर 2018 तक होना है। मतलब इस वर्ष नवम्बर से अगले वर्ष मार्च तक लोगों को एक जीबी डाटा प्रतिदिन और 100 मिनट की कॉलिंग मुफ्त में उपलब्ध होगी। जिस मोबाइल सेवा प्रदाता रिलायंस जियो से सरकार यह सुविधा ले रही है, उसे इसके लिए 30 रुपया प्रति महीने की दर से भुगतान करेगी।
जियो का यह पैक 149 रुपया महीने में उपलब्ध
आम उपभोक्ताओं के लिए जियो का यह पैक 149 रुपया महीने में उपलब्ध है। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अमन कुमार सिंह का कहना है कि शासन की जिन योजनाओं और डिजिटल ट्रांजेक्शन के भीम ऐप की जानकारी हम देना चाहते हैं, वह इंटरनेट के बिना नहीं हो पाएगी। कुछ महीने फ्री देने से उपभोक्ता उसके उपयोग से परिचित हो पाएगा। तभी वह आगे उसका उपयोग करेगा, नहीं तो योजना बेकार हो जाएगी। इस योजना पर 1220.50 करोड़ रुपए खर्च होने हैं। जिन महीनों में सरकारी स्मॉर्टफोन उपभोक्ता मुफ्त इंटरनेट डाटा का फायदा ले रहे होंगे। उन्हीं महीनों में छत्तीसगढ़ विधानसभा में लिए आम चुनाव का प्रचार अभियान चरम पर होगा।
इनकों मिलेगा फ्री स्मार्ट फोन
- सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना 2011 के आधार पर चिह्नित ग्रामीण परिवार की महिला प्रमुख या अन्य महिला।
- नगरीय विकास विभाग की परिभाषा अनुसार चिह्नित शहरी गरीब परिवार की महिला प्रमुख य अन्य महिला।
- तकनीकी और गैर तकनीकी कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी।
- जिन परिवारों में महिला सदस्य नहीं है, वहां पुरुषों को मोबाइल दिया जाएगा।