रायपुर

रवि पुष्य नक्षत्र योग आज: बाजार में रौनक बने रहने की उम्मीद, खुले रहेंगे शो-रूम

- दिवाली (Diwali 2020) के पहले रविवार को और ज्यादा खरीदारी का अनुमान- दिवाली के पहले सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज

2 min read
Nov 08, 2020
रवि पुष्य नक्षत्र आज: बाजार में रौनक बने रहने की उम्मीद, खुले रहेंगे शो-रूम

रायपुर. दिवाली के पहले सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी शुरू हो चुकी है। बीते एक महीने तक सोने-चांदी की कीमतों मेें कोई बड़ा फेरबदल देखने को नहीं मिला था, लेकिन 5 नवंबर से कीमतों में बड़ा फेरबदल जारी है। दिवाली की खरीदारी बाजारों में शुरू हो चुकी है। पुष्य नक्षत्र (Pushya Nakshatra) के दिन शनिवार को राजधानी के बाजारों में जमकर भीड़ उमड़ी, वहीं देर रात तक बाजार सजा रहा। सबसे ज्यादा कारोबार सराफा, रियल एस्टेट में देखने को मिला। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल्स व अन्य सेक्टर में भी बाजार चमका।

रविवार को रवि पुष्य नक्षत्र (Ravi Pushya Nakshatra 2020) के संयोग और दिवाली के पहले संडे की वजह से बाजार में रौनक बने रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इसलिए आज राजधानी के ज्यादातर शो-रूम खुले रहेंगे। सदर बाजार, मालवीय रोड,एमजी रोड, रिंग रोड स्थित ऑटोमोबाइल्स शो-रूम, शॉपिंग मॉल्स और अन्य सुपर मार्केट भी खुले रहेंगे। मालवीय रोड में काफी दिनों बाद इस तरह की त्यौहारी भीड़ नजर आई।

दो दिन में सोना 1200 और चांंदी 3600 रुपए महंगी
दो दिनों के भीतर सोने की कीमतों में प्रति 10 ग्राम 1200 रुपए और चांदी प्रति किलो पक्की 3600 रुपए महंगी हो गई। 5 नवंबर को सोने की कीमतें 52700 रुपए और चांदी की कीमतें 63200 रुपए थी, वहीं 7 नवंबर को पुष्य नक्षत्र के दिन सोने की कीमतें 53900 और चांदी की कीमतें 66800 रुपए पर पहुंच गई।

सराफा और रियल एस्टेट में बेहतर व्यवसाय
पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग में सराफा बाजार के शो-रूम में ग्राहकों की चहल-पहल बनी रही। रायपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि हर साल पुष्य नक्षत्र में बाजार में ग्राहकों की रौनक रहती है। कोविड-19 के मामलों में राहत के बाद बाजार में सकारात्मक माहौल रहा। सोने-चांदी की कीमतों में दिवाली के पहले तेजी शुरू हो चुकी है। इसलिए ग्राहकी में भी तेजी देखी जा रही है। रियल एस्टेट सेक्टर में डवलपर्स के मुताबिक आकर्षक ऑफरों की वजह से ग्राहक आकर्षित हो रहे हैं। प्रॉपर्टी में निवेश जारी है।

अभी बाजारों में गाड़ियों की एंट्री
पुष्य नक्षत्र के दिन बाजारों में गाड़ियों की एंट्री रही। मालवीय रोड-सदर बाजार, श्रीबंजारी रोड बाजारों में यातायात पुलिस के जवान तैनात रहे। अधिकारियों के मुताबिक वर्तमान में वन-वे का प्लान नहीं है। एमजी रोड से लेकर स्टेशन रोड तक बाजारों में भीड़ देखी गई। जोनवार बाजारों में यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए आईटीएमएस के जरिए भी नजर रखी जा रही है।

फैक्ट फाइल
तारीख-सोना-चांदी
28 अक्टूबर-52400-61400
5 नवंबर 52700-63200
6 नवंबर-54300-67300
7 नवंबर- 53900-66800

Updated on:
08 Nov 2020 12:12 pm
Published on:
08 Nov 2020 11:58 am
Also Read
View All