मौसम विभाग के अनुसार उत्तर से आ रही शुष्क और सर्द हवाओं की वजह से छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कड़ाके की ठंड है, तापमान में गिरावट और सर्दियों में इज़ाफ़ा ।
रायपुर । मध्यभारत में एक बार फिर तापमान में गिरावट आने से कड़ाके की ठंड (Severe cold wave )पड़ने लगी है। उत्तर से आ रही शुष्क और सर्द हवाओं की वजह से कई प्रदेश के जिलों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आने वाले एक दो दिनों तक स्थिति ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है। ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
मध्य भारत में फिर से सर्द हवाएँ चल रही हैं। इस क्षेत्र में आने वाली उत्तरपश्चिमी हवाओं के साथ, राजस्थान और गुजरात के न्यूनतम तापमान में 1- 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जबकि छत्तीसगढ़, विदर्भ और उत्तर महाराष्ट्र के न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दी के मौसम में उत्तरपश्चिमी हवाएं ठंडी होती हैं, जबकि पूर्वी और दक्षिणपूर्वी हवाएं तुलनात्मक रूप से गर्म होती हैं। पिछले 48 घंटों के दौरान, मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट 8-10 डिग्री सेल्सियस है। तापमान में यह गिरावट पूरे उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में हिमालय की बर्फीली ठंडी हवाओं का नतीजा है। इसी तरह सर्द हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
ये हवाएँ अगले 24 घंटों तक जारी रहेंगी, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे उत्तरी राजस्थान के एक दो इलाकों में शीत लहर की स्थिति बन सकती है। 24 घंटों के बाद, राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, लेकिन छत्तीसगढ़ में 1-2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट देखी जा सकती है। 11 जनवरी की शाम तक, एक और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय तक पहुंच जाएगा और हवाएँ अपनी दिशा बदल देंगी। इसके कारण मध्य और उत्तर भारत के न्यूनतम तापमान एक बार फिर से बढ़ने लगेंगे।
Click & Read More Chhattisgarh News.