
रायपुर. प्रदेश के चार नगर निगम बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा, रिसाली सहित 15 निकायों के 370 वार्डों व 15 वार्डों में उप चुनाव सोमवार को होगा। मतदान का समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक है। मतदान के दौरान कोविड 19 की गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा। इन चुनाव में 8 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर 1393 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव के बाद विजेता पार्षद ही अपने बीच से महापौर या अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। चुनाव की खास बात यह है कि मतदान केन्द्रों में मोबाइल फोन, कार्डलेस फोन, वायरलेस सेट, अथवा किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रानिक डिवाइस पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बताया, निर्वाचन कार्य के लिए लगभग 12000 अधिकारियों-कर्मचारियों की डयूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 4000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों के लिए मतदान सामग्री रवाना कर दी गई है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी मतदान केन्द्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है। मतदान के लिए 18 प्रकार के दस्तावेज पहचान पत्र के लिए मान्य किया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के मतदान के लिए अलग से समय दिया गया है।
बिना मास्क के मतदाताओं और एजेंट को नहीं मिलेगी मतदान केंद्र में एंट्री
मतदान केन्द्र पर मतदाता और मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों और उनके एजेंट को बिना मास्क के एंट्री नहीं दी जाएगी। आकस्मिक स्थिति के लिए अतिरिक्त मास्क मतदान केन्द्र पर उपयोग के लिए दिए जाएं। मतगणना स्थल पर भी अतिरिक्त मास्क रखे जाएं। मतदान दलों, मतगणना दलों, अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक रूप से मास्क उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर सौरभ कुमार ने जिले में नगरपालिका आम/उप निर्वाचन 2021 के तहत बिरगांव एवं गोबरा नवापारा में सोमवार को मतदान एवं गुरुवार को मतगणना के लिए सभी मतदान केन्द्रों एवं मतगणना स्थल पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए है।
इन निकायों में चुनाव
नगर निगम- भिलाई, भिलाई-चरोदा, रिसाली और बिरगांव।
नगर पालिका परिषद- बैकुंठपुर, शिवपुरचरचा, सांरगढ़, जामुल व खैरागढ़।
नगर पंचायत-प्रेमनगर, नरहरपुर, कोंटा, भैरमगढ़, भोपालपट्टनम व मारो।
फैक्ट फाइल
- 15 नगरीय निकायों के 370 वार्डों में चुनाव
- 1345 उम्मीदवार चुनाव मैदान में
- 1000 मतदान केंद्र बने
- 15 वार्डों में होंगे उप चुनाव
- 12 हजार अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगी
- 4 हजार सुरक्षा कर्मी रहेंगे तैनात