
रायपुर. छत्तीसगढ़ में वैक्सीन महा'संकट’ खड़ा हो गया है। 18 से 44 आयुवर्ग के नागरिकों के लिए सप्लाई हुई वैक्सीन तेजी से खत्म हो रही हैं। 25 मई की रिपोर्ट के मुताबिक 11 जिलों में एक भी टीके नहीं लगे, यानी इन जिलों में टीके खत्म हो चुके हैं जबकि 5 जिलों में 100 से कम लोगों को ही डोज लगी और वैक्सीन खत्म हो गई। बाकी जिलों में आज-कल के लिए डोज बची हैं। 26 मई की शाम 5 बजे तक की जानकारी के मुताबिक राज्य के पास जिलों में 30 हजार के करीब डोज बची थीं।
पड़ताल में सामने आया कि राज्य को 2 कंपनियों से अब तक 7 खैप में 7,97,110 डोज मिली हैं। इससे साफ है कि देश में किस प्रकार वैक्सीन का संकट गहराया हुआ है, कंपनियां सप्लाई ही नहीं कर पा रहीं। जबकि राज्य ने 75-75 लाख डोज के ऑर्डर 26 अप्रैल को ही जारी कर दिए थे। उधर, इनमें 7,97,110 डोज में से 7,41,198 (25 मई तक) लग चुके थे। अब राज्य स्वास्थ्य की तरफ से स्पष्ट कर दिया है कि वैक्सीन आएगी तो जिलों में भेजी जाएगी, अब सिर्फ इंतजार ही कर सकते हैं।
इन जिलों में सिंगल डोज भी नहीं लगे- बालोद, बलौदाबाजार,बीजापुर, जांजगीर चांपा, कबीरधाम, कोरबा, कोरिया, मुंगेली, रायगढ़, महासमुंद और सरगुजा।
टीकाकरण टोटल रिकॉल: आनन-फानन में हुई थी शुरुआत
अप्रैल के आखिरी हफ्ते में राज्य सरकार ने स्पष्ट किया था कि भारत बायोटेक सिर्फ 1.50 लाख टीके उपलब्ध करवाने जा रहा है, सिरम इंस्टीट्यूट की तरफ से कोई कंफर्मेशन नहीं आया है। इतने कम डोज में टीकाकरण की शुरुआत संभव नहीं। जिसे नहीं लगेगा वही चढ़ाई कर देगा। मगर, अचानक से 30 अप्रैल को सरकार ने कहा कि 1 मई को 1.50 लाख कोवैक्सीन मिल रही है और हम टीकाकरण शुरू करने जा रहे हैं। सरकार ने 3 वर्गों में वैक्सीन का आरक्षण कर टीकाकरण शुरू किया। मामला हाईकोर्ट पहुंचा और फिर सरकार ने 4 वर्गों में आरक्षण कर दिया।
ग्लोबल टेंडर भी नहीं होगा
10 से अधिक राज्यों ने ग्लोबल टेंडर निकाला ताकि विदेशी वैक्सीन निर्माता कंपनियां टेंडर में हिस्सा लें, उनसे वैक्सीन खरीदी की जा सके। मगर, एक कंपनी ने भी निविदा नहीं भरी। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ सरकार भी ग्लोबल टेंडर नहीं कर रही। 'पत्रिका' से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि विदेशी कंपनियां अपने ही देश में वैक्सीन की आपूर्ति नहीं कर पा रही हैं,इसलिए टेंडर निकालने से अभी कोई फायदा नहीं।
स्वास्थ्य विभाग के राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अमर सिंह ठाकुर ने कहा, जिन जिलों में टीके की जितनी उपलब्धता है, वे उसका इस्तेमाल कर रहे हैं। वैक्सीन नहीं होगी तो बंद करना पड़ेगा। कंपनियों से वैक्सीन मिलने के इंतजार के अतिरिक्त और कर भी क्या सकते हैं।
बीते 5 दिनों में ऐसे घटता गया 18 प्लस का टीकाकरण का आंकड़ा
तारीख- कुल टीकाकरण
20 मई- 34,729
21 मई- 25,244
22 मई- 19,955
23 मई- 16,166
24 मई- 13,705
25 मई- 10,119
(नोट- 1 मई से शुरू हुआ टीकाकरण, 5-6 मई को बंद रहा। 7 से दोबारा शुरू हुआ।)