रायपुर

IMD का बड़ा अपडेट! अगले 5 दिनों तक प्रदेश में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, इधर स्कूल का बदला समय

Weather Update: छत्तीसगढ़ में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन के साथ कोहरे को और भी तेज कर दिया है। पिछले 24 घंटे में मिनिमम ट्रेम्प्रेचर में 2-3 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है।
2 min read
Dec 12, 2024
Weather Update

Weather Update: छत्तीसगढ़ में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन के साथ कोहरे को और भी तेज कर दिया है। इसके चलते अगले तीन से पांच दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर जारी रहने का अनुमान है। बुधवार को तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

इस साल टूट सकता है रिकॉर्ड

पिछले 48 घंटे में राजधानी में पारा 7 डिग्री लुढ़का है, जो रेकॉर्ड है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। पिछले 10 सालों में दिसंबर में सबसे कम तापमान 30 तारीख को 2018 में 8.9 डिग्री रहा है। पिछले साल 21 दिसंबर को सबसे कम तापमान 12.2 डिग्री रहा था। ठंड को देखते हुए इस साल यह रेकॉर्ड टूट सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर रह सकता है। राजधानी समेत प्रदेश में अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह में मैदानी व पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। बुधवार को उत्तर छत्तीसगढ़ समेत दुर्ग में शीतलहर जैसी स्थिति है। राजधानी में शीतलहर के आसार नहीं बनते। मौसम विज्ञानियों के अनुसार घनी बसाहट, औद्योगिक क्षेत्र व कंक्रीट के जंगल के कारण ऐसा होता है।

7 से ज्यादा लोगों की जानें भी गईं

10 साल का रेकॉर्ड देखें तो पता चलता है कि यहां करीब 9 डिग्री तक न्यूनतम तापमान जाता है। ऑल टाइम रेकॉर्ड की बात करें तो 29 दिसंबर 1902 में 3.9 डिग्री तक पारा गिरा था। वहीं, 2021 में 24 घंटे में 66.6 मिमी की ताबड़तोड़ बारिश भी हुई थी। ये भी दिसंबर का ऑल टाइम रेकॉर्ड बन गया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में घना कोहरा छाने के कारण सुबह सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सुबह देर तक वाहनों को हेड लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। वाहनों की गति धीमी होती है, लेकिन हाल ही में तीन बड़ी दुर्घटना अंबिकापुर के आसपास हुई है। इसमें 7 से ज्यादा लोगों की जानें भी गईं हैं।

स्कूलों के समय में भी किया गया बदलाव

इस ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले पांच दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जबकि सरगुजा संभाग में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।

कड़ाके की ठंड के चलते सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। प्राइमरी और मिडिल स्कूल सुबह 8.30 बजे से, एक पाली वाले स्कूल सुबह 10 बजे से, और दो पाली वाले हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे।

प्रमुख स्थानों का तापमान

स्थान - अधिकतम - न्यूनतम
रायपुर - 28.1 - 13.2
माना - 28.8 - 10.8
बिलासपुर - 27.0 - 12.9
पेंड्रारोड - 23.9 - 7.8
अंबिकापुर - 23.7 - 6.9
जगदलपुर - 29.3 - 14.5
दुर्ग - 29.4 - 9.9
राजनांदगांव - 29.0 - 12.5

Updated on:
12 Dec 2024 01:02 pm
Published on:
12 Dec 2024 01:02 pm