रायसेन

बारह दिन से नहीं बरसा पानी, धान के गढ़े सूखे

फसलों पर फिर बढऩे लगा खतरा। अब नलकूप भी देने लगे जबाव।

2 min read
बारह दिन से नहीं बरसा पानी, धान के गढ़े सूखे

रायसेन. जिले से बारिश की बेरुखी खरीफ फसलों पर भारी पडऩे लगी है। धान के गढ़े सूख गए हैं, जिनमें दरारें पढऩे लगी हैं। जमीन की नमी भी तेजी से सूख रही है। वहीं जल स्तर गिरने से नलकूप भी जबाव देने लगे हैं। जिले में 19 अगस्त के बाद से बारिश नहीं हुई है, बल्कि दो दिन से तेज धूप निकल रही है। जिससे खेतों की नमी तेजी से सूखी है। बारिश की यह स्थिति फसलों के लिए खतरा बनने लगी है। जिससे किसानों की चिंता बढ़ रही है।
अब तक हुई बारिश सामान्य आंकड़े से कोसों दूर है। ऐसे में फसलों पर संकट गहराने लगा है। किसानों ने जल स्त्रोतों से सिंचाई शुरू की है। लेकिन यह ज्यादा असरकारक नहीं हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में बारिश के आसार कम ही है। जबकि मानसून सत्र अक्टूबर तक समाप्त हो जाएगा। किसान हेमराज कुशवाहा, दिनेश यादव, ओमकार दांगी ने बताया कि धान की फसल को तुरंत पानी की जरूरत है। बारिश हो नहीं रही और नलकूप भी कुछ देर चलने के बाद पानी देना बंद कर देते हैं, जिससे फसल को भरपूर पानी नहीं मिल पा रहा है। अभी तक की स्थिति में जिले में बीते साल की तुलना में 472.2 मिमी कम बारिश हुई है। अब तक जिले में 856.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। समय पर फसलों को पानी नहीं मिला तो फसलों पर गर्मी के चलते वायरस अटैक का खतरा भी बढ़ेगा।
इसलिए प्रभावित हुआ मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लो प्रेशर जोन की स्थिति बनने से मानसून प्रभावित हुआ है। इसके चलते बारिश नहीं हो रही। कुछ दिन बूंदाबांदी होगी, लेकिन तेज बारिश के आसार नहीं है। पश्चिम की ओर से 9 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे तापमान में बढ़ोत्तरी से उमस बढ़ गई।
सेहत पर तापमान का असर
बारिश की खेंच से अब मौसम बदलने लगा है। इसका असर स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। जबकि रात में ठंडी हवाएं चल रही हंै। उतार-चढ़ाव वाले इस मौसम से सीजनल बीमारियां बढ़ी हैं। लोग वायरल बुखार से पीडि़त हो रहे हैं, साथ ही सर्दी जुकाम के मरीज बढ़े हैं।
मौसम में आगे क्या
मौसम विशेषज्ञ एसएस तोमर के अनुसार आगामी दिनों में आसमान में हल्के मध्यम बादल छाएंगे। हवा की दिशा उत्तर पश्चिम से तथा पश्चिम से रहेगी। दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी। अगले एक सप्ताह में हल्की बारिश का अनुमान है। तापमान में बढ़ोतरी और हवा की गति बढऩे से फसलों को नुकसान की आशंका है।
----------------

Published on:
30 Aug 2023 08:58 pm
Also Read
View All