
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में दुर्गा नवमी पर पूजा करने गए परिवार के घर को चोरों ने धावा बोल दिया। नाहरदा मंदिर के पास रहने वाले माता मंदिर के पंडा कन्हैयालाल मोगिया के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने मंदिर की दान पेटी में रखे 1 लाख रुपए से अधिक के चढ़ावे, मजदूरी के 60 से 70 हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए हैं। परिवार इस चढ़ावे की रकम से मंदिर के लिए जमीन खरीदने की तैयारी कर रहा है। चोरी का खुलासा उस समय हुआ जब पंडा का बेटा भांजे के कपड़े लेने घर पहुंचा। मामले की शिकायत खिलचीपुर थाने में की गई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वारदात को लेकर पीड़ित कन्हैयालाल मोगिया ने बताया कि, उनका कच्चा मकान नाहरदा मंदिर के पास विश्वकर्मा मंदिर के पीछे है। दुर्गा नवमी पर उनका परिवार दर्जी गली के पास मोगिया मोहल्ले में स्थित चौंड़ हिंगलाज माता मंदिर में पूजन के लिए गया था। इसी दौरान उनका बेटा ओमप्रकाश अपने 4 साल के भांजे दीपक के कपड़े लेने घर पहुंचा। वहां उसने देखा कि, घर के दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था और कमरों में सामान भी बिखरा पड़ा था। ओमप्रकाश ने फोन कर परिवार को सूचना दी। घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। मौके पर लोहे की एक रॉड भी पड़ी मिली है।
पंडा कन्हैयालाल ने बताया कि, घर के एक कमरे में मंदिर की दान पेटी रखी थी। इसमें श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई एक लाख रुपए से अधिक की राशि जमा थी। ये करीब 10 साल का चढ़ावा था, जिसे परिवार मंदिर के लिए जमीन खरीदने के उद्देश्य से संभालकर रखा था। चोरों ने दान पेटी से ज्यादातक रकम निकाल ली, जबकि पेटी में रखे करीब 70-80 रुपए के सिक्के ही छोड़े हैं।
चोरों ने दूसरे कमरे में रखी लोहे की अलमारी का लॉक भी तोड़कर उसमें रखे मजदूरी के 60 से 70 हजार रुपए नकद, करीब 300 ग्राम चांदी की पायल और आधा तोला सोने की झुमकी भी चुरा ली है। परिवार ने इस वारदात की शिकायत खिलचीपुर थाने में दर्ज कराई है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि, मोगिया समाज हर साल दुर्गा नवमी पर मोगिया मोहल्ले की हिंगलाज माता मंदिर में उत्सव मनाता है। इस दौरान समाज के लोग नए कपड़े पहनकर बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचते हैं। मान्यता है कि, पंडा कन्हैयालाल मोगिया के शरीर में देवी आती हैं। वे तलवार लेकर मंदिर से गाड़गंगा नदी तक स्नान और विसर्जन के लिए जाते हैं, फिर मंदिर लौटते हैं। धार्मिक आयोजन के दौरान परिवार घर पर ताला लगाकर मंदिर गया था। इसी बीच चोरी की ये वारदात हुई है।