राजसमंद

Lala Eleven gang: लाला इलेवन गैंग पर खमनोर पुलिस का फाइनल क्रैकडाउनः2 अवैध पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस बरामद

सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने और आमजन में खौफ पैदा करने के लिए गैंग का महिमामंडन करने वाले बदमाशों के खिलाफ खमनोर थाना पुलिस ने फाइनल क्रेकडाउन किया है।
2 min read
crime news
crime news
राजसमंद. सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने और आमजन में खौफ पैदा करने के लिए गैंग का महिमामंडन करने वाले बदमाशों के खिलाफ खमनोर थाना पुलिस ने फाइनल क्रेकडाउन किया है। बदमाशों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने लाला इलेवन गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 अवैध देशी पिस्टल एवं 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।खमनोर थानाधिकारी नरेंद्रसिंह भाटी ने बताया कि एसपी हेमंत कलाल के निर्देश एवं एएसपी महेंद्र पारीक व नाथद्वारा डिप्टी शिप्रा राजावत के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। 

थानाधिकारी ने बताया कि गैंग बनाकर सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने के मामले में थाना क्षेत्र के झालों की मदार में सरवड़ियों की भागल निवासी कैलाशसिंह उर्फ खुशी (25) पुत्र नाथूसिंह दसाणा, मोखाड़ा में गांगवा की भागल निवासी हेमेन्द्रसिंह उर्फ सूर्या उर्फ सुरेश (31) पुत्र प्रेमसिंह राजपूत एवं मोखाड़ा निवासी मोहनसिंह (20) पुत्र देवीसिंह परमार को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी भाटी ने बताया कि हाल ही में क्षेत्र में सोशल मीडिया पर युवाओं द्वारा गैंग बनाकर अवैध हथियारों के प्रदर्शन एवं आपसी छींटाकशी की घटनाओं में वृद्धि हुई थी। इस पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से लाला इलेवन गैंग की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी।

पुलिस ने गुरुवार को थाना क्षेत्र की झालों की मदार पुलिस चौकी इलाके में हरिदासजी का गुड़ा के पास नाकाबंदी की। इस दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उनके कब्जे से 2 अवैध देशी पिस्टल एवं 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाने के एएसआई माधुसिंह, साइबर सेल के एएसआई शम्भु प्रतापसिंह, हैड कांस्टेबल कैलाशचंद्र व जोधाराम, कांस्टेबल शक्तिसिंह, हुकुमसिंह, राहुल, महेंद्रसिंह, रोहिताश, राधामोहन, चालक किशनलाल शामिल थे।

Updated on:
30 May 2026 05:16 pm
Published on:
30 May 2026 05:16 pm