रामपुर

राहुल गांधी के इस कदम के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस में आई नई जान, सड़क पर उतरकर नेताओं ने किया यह काम

कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ खोला मोर्चा, कर दी एफआईआर की मांग
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2018, 7:27 PM IST
Congress
राहुल गांधी के इस कदम के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस में आई नई जान, सड़क पर उतरकर नेताओं ने किया यह काम

रामपुर. नोटबंदी से नाराज कांग्रेसियों ने नगर की मुख्य सड़क पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नोटबंदी का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलजीत सिंह बिटटू गिल ने मीडिया को बताया कि नोटबंदी से देशभर में जिन लोगों की हत्याएं हुई हैं। उनकी हत्या के आरोप में प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से भी इस मामले को संज्ञान में लेकर ऐक्शन लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की नोटबन्दी के दौरान एटीएम या बैंक की भीड़ में मौतें हुई, उनका असल जिम्मेदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। गौरतलब है कि राहुल गांधी की हरी झंडी मिलने के बाद पूरे देश में कांग्रेसियों ने नोटबंदी के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार के खिलाफ हमला तेज कर दिया है। ये लोग सरकार से पूछ रहे हैं कि सरकार ने नोटबंदी से जिन फायदों की बात कही थी। उनका क्या हुआ। सरकार जनता को जवाब दें।

बलजीत गिल और कांग्रेस नगर अध्यक्ष मामून शाह अपने दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ बाब-ए-हयात गेट के पास पहुंचे। यहां उन्होंने नोटबंदी का पुतला आग के हवाले कर दिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र की सरकार पर जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि देश के किसी एक भी किसान को नोटबंदी से न फायदा हुआ और न ही देश की सरकार को। हां इस नोटबंदी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी विजय माल्या, नीरव मोदी को बड़ा फायदा पहुंचा, जो जग जाहिर है। जहां तक सवाल देश के किसानों का और देश की जनता का है तो इस सरकार ने उनके भरोसे का कत्ल कर दिया है।


नगर अध्यक्ष मामून शाह ने बताया कि हम बीते 8 नवंबर 2018 से हर दिन लगातार केंद्र की सरकार का पुतला फूंक रहे हैं और देश के राष्ट्रपति और साथ ही सुप्रीम कोर्ट के जजों से यह उम्मीद लगाए बैठे हैं कि वह केंद्र की सरकार के खिलाफ कोई सख्त एक्शन लें। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के दौरान हुई किसानों की मौतों के आरोपी नरेंद्र मोदी हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। इन सब चीजों की मांग हम लगातार कर रहे हैं और यह मांग उस वक्त तक जारी रहेगी, जब तक देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई बड़ा एक्शन नहीं लिया जाएगा।

Published on: