इंडियन स्पोर्टस एकेडमी द्वारा आयोजित अखिल भारतीय फुटबॉल स्पर्धा के निर्णायक मुकाबले को जीतकर एनएफसी नागपुर चैम्पियन बना। रेलवे खेल मैदान पर हुए मुकाबले में नागपुर ने एनएफए नीमच को पैनलटी शूटआउट में चार के मुकाबले एक गोल से हराया। स्पर्धा को फायनल मुकाबले को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक मैदान पर पहुंचे थे। दोनों टीमों से उन्हें जिस मैच की उम्मीद थी, उस मान से दोनों टीमों ने बेहतर प्रदर्शन किया और सभी की उम्मीदों पर खरी उतरी।
मैच की शुरुआत के दूसरे मिनट में नागपुर के 19 नंबर जर्सी पहने नाइजिरियन खिलाड़ी ने एलविस ने टीम के लिए पहला गोल किया। नीमच अभी इस गोल के सदमे से उबरा ही नहीं था, कि 8 वें मिनट में नागपुर के 5 नंबर जर्सी पहने गिरीक खोसला ने दूसरा गोल करके टीम को दो-शून्य की बढ़त दिला दी। इसके बाद नीमच ने फिर से मैच में वापसी के प्रयास किए। इसमें उसे 25 वें मिनट में सफलता मिली। नीमच की तरफ से पहला गोल 12 नंबर जर्सी पहने अभिषेक प्रेमी ने किया। मध्यांतर तक नागपुर ने नीमच पर दो-एक की बढ़त बनाए रखी थी।
उत्तराद्र्ध में मैच शुरू होने के बाद नीमच ने फिर से मैच में पकड़ बनाई और 15 वें मिनट में 19 नंबर जर्सी पहने बलराम ने शानदार गोल कर मैच को दो-दो की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद दोनों ही टीमें आखिरी तक गोल करने का प्रयास करती रही, लेकिन उनके गोलकीपर ने बेहतर तरीके से गोल रोके, जिसके फलस्वरूप मैच खत्म होने तक थम गया।
मैच का फैसला पैनलटी शूटआउट से हुआ। नागपुर की तरफ से पहला गोल 26 नंबर जर्सी पहने नाइजिरियन खिलाड़ी ब्रो ने किया। दूसरा 19 नंबर एलविस, तीसरा जर्सी नंबर 8 सुशांत व चौथा जर्सी नंबर 14 मोहम्मद सोहेल ने किया। वहीं नीमच की और से एक मात्र गोल जर्सी नंबर 2 इमरान ने किया। शेष सभी गोल नागपुर के गोलकीपर अरूप ने रोक लिए। जिसके चलते नागपुर ने चार-एक से मुकाबला जीत लिया।
विधायक व महापौर ने दिए पुरस्कार
मैच के मुख्य अतिथि रहे विधायक चेतन्य काश्यप व महापौर सुनीता यार्दे ने विजेता टीम नागपुर को एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार व ट्रॉफी दी। उपविजेता नीमच को पचास हजार रुपए नकद व ट्रॉफी दी गई। मैन ऑफ द मैच नीमच के अश्विन जॉय व मैन ऑफ द सीरिज का पुरस्कार नीमच के जावेद मनियार को मिला। बेस्ट गोलकीपर नागपुर के अरूप रहे। बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार इसी टीम के ब्रो को दिया गया। सफल आयोजन के लिए अध्यक्ष अजय तिवारी का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, आयोजन समिति के सचिव राकेश शर्मा, मीडिया प्रभारी प्रफुल्ल सोलंकी व सुरेश पाटीदार मौजूद रहे।