- शहर में दस प्वाइंट पर लगे कैमरे हुए चालू, 45 प्वाइंट पर लगने है 226 कैमरे
रतलाम। शहर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चप्पे-चप्पे पर लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरों की शुरुआत बुधवार से हो गई है। इसके चलते पहले दिन पुलिस ने ट्रायल के रूप में दस प्वाइंट पर लगे कैमरों की चालू कर उसमें कैद हो रही लोकेशन, पिक्चर और उसकी गुणवत्ता को परखा।जल्द ही शहर में लगे अन्य कैमरे भी चालू हो जाएंगे।
कैमरों के सफल परीक्षण के बाद अब जल्द ही शहर में लगे अन्य कैमरे भी चालू हो जाएंगे।शहर की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस कुल 45 पाइंट चिन्हित किए थे, जहां पर 226 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का काम अब पूरा होने को आया है। ट्रायल में शुरू हुए कैमरों में कैद हो रही गतिविधि कंट्रोल रूम में लगे सर्वर में जुडऩा भी शुरू हो चुकी है। कैमरे लगाए जाने के लिए वैसे तो पुलिस ने संबंधित कंपनी को मार्च तक का समय दिया था, जिसके बीत जाने के बाद अप्रैल माह की शुरुआत के साथ कैमरे भी शुरू होने लगे है।
इस तरह से लगे है कैमरे
शहर में कैमरे जगह के हिसाब से लगाए गए है। करीब ११ करोड़ की लागत से लगे इन कैमरों को शहर में आने वाले हर प्रवेश मार्ग, हर चौराहे के साथ संवेदनशील स्थान, मुख्य बाजार व भीड़ भरे क्षेत्रों के साथ करीब ३५ अन्य स्थानों को चिन्हित किया था। जहां पर 35 पीटी.जेड, पॉन टिट जूम, 111 फि क्स कैमरे व 80 एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्नाइजेशन) कैमरे लगाए गए है।
इनका कहना है
ट्रायल के तौर पर कैमरे शुरू
- शहर के दस प्वाइंट पर ट्रायल के रूप में कैमरे शुरू कर दिए गए है। इनमें कैद होने वाली पिक्चर और उसकी गुणवत्ता को भी परखा जा रहा है। सभी कैमरों की एक साथ शुरू हो जाने के बाद शहर की सुरक्षा के लिहाज से यह बहुत ही महत्वपूर्ण रहेंगे।
अमित सिंह, एसपी