
Sagar Spurious Liquor Tragedy: मध्य प्रदेश के सागर जिले में मिमिलावटी शराब सेवन से मौतों का आंकड़ा बढ़कर 13 तक पहुंच चुका है। ताजा मिली जानकारी के अनुसार, जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में रविवार सुबह मिलावटी शराब पीने से अलग-अलग गांवों के अब 13 लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। इनमें 10 मौतों की पुष्टि प्रशासन ने की, जबकि 3 अन्य मौतों की जानकारी परिजनों ने दी। हादसे में 60 से अधिक लोग बीमार हैं। बीएमसी में 39 मरीज भर्ती हैं, जिनमें 2 वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जिला अस्पताल में 10 से अधिक मरीज भर्ती हैं, जबकि 6 मरीज बांदा के अस्पताल में और कुछ शहर के निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।सागर कलेक्टर, एसपी और प्रशासनिक अमला बंडा के अस्पताल मौजूद है। इस मामले को लेकर दिल्ली से सीएम डॉ. मोहन यादव की प्रतक्रिया सामने आई है।
पत्रिका को मिली जानकरी के अनुसार, सभी शराब 'सागर गोल्ड ब्रांड' (लाल और पावर) की बताई जा रही है। ग्रामीण सागर के मेहर स्थित शराब फैक्ट्री की शराब पर भी संदेह जता रहे है। 15 से ज्यादा एम्बुलेंस बंडा क्षेत्र पहुंच चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घर-घर सर्वे किया जा रहा है। मृतकों के परिजन बरा चौराहे पर चक्काजाम कर रहे है। तीन गंभीर घायलों को सागर बीएमसी में भर्ती कराया गया है। बंडा अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। प्रशासन ने घायलों के इलाज की व्यवस्था की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मिलावटी शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मृतकों में गोलू (उर्फ चमन) लोधी (45) निवासी गूगरा खुर्द, दिग्विजय (28) पुत्र देवेंद्र लोधी, करतार सिंह (30) पुत्र जोधन लोधी, उजयार सिंह (56) पुत्र विजय सिंह लोधी, रोशन लोधी (30) पुत्र जगन्नाथ (पाटन) और राजेंद्र (32) पुत्र मूरत लोधी (नौराज‑गूगरा), हरनाम (42) पुत्र घनश्याम राय, कम्मू (59) पुत्र सरू अहिरवार शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक गोलू को कैंसर की भी शिकायत थी। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग ने आपात स्थिति घोषित कर प्रभावित इलाकों में चिकित्सा व निगरानी बढ़ा दी है।
रविवार को सामने आई इस घटना को लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा कि ' मैंने संबंधित मंत्री और अधिकारियों को तुरंत साइट पर जाने का निर्देश दिया है। सीएम ने कहा कि सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे और जांच करेंगे। सरकार ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी।'
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि मामले की जांच से चल रही है और मिलावटी शराब बेचने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। बंडा क्षेत्र की सभी शराब दुकानों को सील किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घबराहट न रखने और संदिग्ध शराब के प्रयोग से बचने की अपील की है। कलेक्टर ने बताया कि प्रभावित गांवों नौराज, सेमरा,बामूरा, गुगरा, पाटन चौक मपर चिकित्सकों की टीम भी स्क्रीनिंग के लिए पहुंच चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिस भी व्यक्ति ने पिछले 24 से 48 घंटे में शराब का सेवन किया वह डॉक्टर के पास जाकर अपनी जांच करवाएं। आगे की कार्रवाई व मृतकों की विस्तृत पहचान पर प्रशासन की ओर से जानकारी दी जाएगी।
डिप्टी सीएम एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा- आबकारी आयुक्त को घटनास्थल पर भेजा जा रहा है। हादसे के पीछे कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का आरोप- शराब माफिया को मिल रहा संरक्षण, सागर की घटना उसका प्रमाण