सवाई माधोपुर

राजस्थान के इस शहर को मिली बड़ी सौगात, 25 करोड़ की लागत से यहां-यहां बनेंगी सड़कें

Diya Kumari: पहली बार गंगापुरसिटी आईं उपमुख्मंत्री दिया कुमारी ने शहर तथा क्षेत्र की सड़कों के लिए करीब 25 करोड़ रुपए लागत की सड़कों की घोषणा की है।
2 min read
Feature image

Gangapur City News: गंगापुरसिटी। उप मुख्यमंत्री बनने के बाद भाजपा के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहली बार गंगापुरसिटी आईं उपमुख्मंत्री दिया कुमारी ने शहर तथा क्षेत्र की सड़कों के लिए करीब 25 करोड़ रुपए लागत की सड़कों की घोषणा की है। इनमें गंगापुरसिटी नगरपरिषद क्षेत्र में 5 करोड़ रुपए तथा गंगापुर सिटी-शफीपुर-बामनवास-लिवाली-बिनोरी बालाजी रोड (एमडीआर-248) निर्माण के लिए प्रथम फेज में 12 किलोमीटर की करीब 20 करोड़ रुपए लागत की सडक़ की घोषणा शामिल है। इनके लिए भाजपा जिलाध्यक्ष तथा पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर ने अपने सम्बोधन में मांग रखी थी।

डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने कहा कि भाजपा की सरकार तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जनता के बीच रहते हैं। इसलिए उनका हर दुख:दर्द पता है। जिले में करोड़ों रुपए के विकास कार्य किए जा रहे हैं। जिससे आमजन को राहत मिल सके। आगामी समय में पंचायती राज तथा नगर निकाय चुनाव आ रहे हैं, इनमें भी भाजपा को सफलता मिलेगी।

कांग्रेस ने किया परेशान, नहीं डिगे भाजपा कार्यकर्ता

दिया कुमारी ने कहा कि पिछले पांच सालों में कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को खूब परेशान किया। लेकिन उनका हौसला नहीं डिगा। उनकी मेहनत से ही भाजपा सरकार बनी है। कार्यकर्ता जनता की परेशानियों को दूर करने में लगे हैं।

मंच पर भी बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी

पीएम मोदी ने मातृशक्ति का आगे लाने का काम किया है। अब कार्यक्रमों में महिलाएं बड़ी संख्या में आ रही हैं। सरकारी योजनाओं का फायदा भी महिलाओं को मिल रहा है। अब मंच पर भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। इसके लिए केन्द्र सरकार ने 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है। जिसके लिए मैंने भी बटन दबाया था।

स्वागत से हुईं अभिभूत

गंगापुरसिटी बोर्डर से लेकर कार्यक्रम स्थल तक करीब चार दर्जन जगह विभिन्न सामाजिक संगठनों व भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए स्वागतों से डिप्टी सीएम अभिभूत दिखाई दी। इसका जिक्र भी उन्होंने भाषण में किया। इस दौरान उनका भाजपा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के नेतृत्व में गंगापुरसिटी बॉर्डर पहुंचने पर स्वागत कर अगुवानी की गई। इसके बाद छठी मील, आश्रम खूंटला मोड़, बाढक़लां, जलोखरा, देवनारायण मंदिर, सी पी हॉस्पिटल, क्रिएटिव स्कूल, महादेव मंदिर, बाइपास चौराहा, जिला अध्यक्ष आवास पर स्वागत किया गया।