श्योपुर

33 घंटे बाद मिला चंबल नदी में कूदने वाली दुल्हन का शव

-राजस्थान के भरतपुर से आई एसडीआरएफ टीम ने 50 फीट गहरे पानी से निकाला दुल्हन का शव -दुल्हन के नदी में कूदने के कारणों का अभी पता नहीं
less than 1 minute read
• •
Jun 16, 2020
33 घंटे बाद मिला चंबल नदी में कूदने वाली दुल्हन का शव
33 घंटे बाद मिला चंबल नदी में कूदने वाली दुल्हन का शव

दांतरदा/श्योपुर
चंबल नदी में पाली पुल से छलांग लगाने वाली दुल्हन का शव सोमवार को मिल गया। शव पाली पुल के पास ही मिला। जिसे नदी से 33 घंटे के बाद भरतपुर की एसडीआरएफ की टीम ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के उपरांत 50 फीट गहरे पानी से बाहर निकाला। राजस्थान की खंडार थाना पुलिस ने शव को बहरावंडाखुर्द अस्पताल से पीएम के उपरांत परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
यहां बता दें कि साडाकापाड़ा निवासी दीपक माली की शादी शनिवार को राजस्थान के अल्लापुर निवासी अंजू माली के साथ हुई थी। रविवार सुबह जब दुल्हन विदा होकर ससुराल आ रही थी,तभी दुल्हन ने अचानक चंबल नदी के पाली पुल पर जीप को उल्टी के बहाने रूकवाया और फिर जीप से उतरकर नदी में छलांग लगा दी। घटना से दूल्हा-दुल्हन के परिजनों के होश उड़ गए। मगर घटना का कारण अभी सामने नहीं आया है। दुल्हन के नदी में कूदने के बाद से सामरसा चौकी पुलिस सहित राजस्थान की खंडार थाना पुलिस तलाश में जुट गई। दुल्हन की तलाश के लिए सवाईमाधोपुर से सिविल डिफेंस तथा भरतपुर की एसडीआरएफ की टीम भी यहां पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने दुल्हन के शव को सोमवार की शाम को तलाश लिया और उसे एक कांटेदार यंत्र के जरिए 50 गहरे पानी से बाहर निकाल लिया। दुल्हन का शव उसी स्थान पर मिला,जिस स्थान पर वह कूदी थी। भरतपुर की एसडीआरएफ टीम के इंचार्ज ने बताया कि दुल्हन का जोड़ा पहने होने के कारण शव काफी भारी था। जिसकारण उसे बाहर निकालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।

Published on:
16 Jun 2020 07:03 am