सीकर

बिकने वाले थे 18 और बैंक खाते, पुलिस ने दो शातिर ठग किए गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों आरोपियों से 18 फर्जी सिम, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, तीन मोबाइल, कार, 10 बेची हुई सिम के खाली रैपर किए बरामद

2 min read
Apr 07, 2026

सीकर. कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन म्युल हंटर के तहत बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगों को खाता किट व सिम बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी 18 ऑनलाइन बैंक खाते और बेचने वाले थे, इससे पहले पकड़े गए। आरोपी ग्रामीण क्षेत्र के युवकों व अन्य लोगों को लालच व झांसा देकर उनके आधार कार्ड लेकर फर्जी सिम निकलवा लेते थे। आरोपी सिम के जरिए ऑनलाइन बैंक खाता खुलवा इनहें 30-30 हजार में साइबर ठगों को बेच देते थे। दोनों आरोपियों के पास से 18 फर्जी सिम, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, तीन मोबाइल, एक कार

, 10 बेची हुई सिम के खाली रैपर सहित अन्य संदिग्ध वस्तुएं बरामद की है।

ग्रामीण क्षेत्र के लड़कों को लालच दे ले लेते उनके आधार कार्ड

कोतवाल सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि 5 अप्रैल को सीकर एसपी ऑफिस के साइबर सेल के कॉन्स्टेबल बजरंग, महिपाल और डीएसटी टीम की ने सूचना दी। पुलिस टीम ने दो आरोपियों आकाश सैनी (22) पुत्र शंकरलाल सैनी निवासी वार्ड नंबर 32 फतेहपुर और अहमद रजा पठान (19) पुत्र राशिद निवासी मोहल्ला तेलियान फतेहपुर को बजरंग कांटा के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गाड़ी लेकर कहीं जा रहे थे। आरोपियों के पास से पुलिस को सिम कार्ड सहित अन्य संदिग्ध सामान मिला है। दोनों आरोपियों ने पूछताछ बताया है कि वे सीकर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के लड़कों को थोड़े से पैसों का लालच देकर उनके आधार कार्ड ले लेते हैं।

आधार कार्ड से नई सिम जारी करवा रहे-

आरोपी युवक ग्रामीणों से लिए आधार कार्ड के जरिए नई सिम इश्यू करवा लेते हैं। आरोपी फर्जी मेल आईडी बनाकर नियो एप और एचएसबीसी एप के जरिए ऑनलाइन बैंक खाते खोलते हैं। आरोपी इन ऑनलाइन बैंक खातों के किट व संबंधित सिम कार्ड को बड़े साइबर ठगों को 30-30 हजार रुपए प्रति बैंक खाता के हिसाब से बेच देते हैं। साइबर ठग इन ऑनलाइन खातों में करोड़ों रुपए का लेनदेन करते हैं। वहीं साइबर ठगी की रकम मंगवाकर इन खातों को इस्तेमाल करना बंद कर देते हैं। कार्रवाई में साइबर सेल के कॉन्स्टेबल महिपाल और बजरंग की विशेष भूमिका रही।

पुलिस साइबर ठगों के बारे में कर रही पूछताछ-

पुलिस अधिकारी दोनों आरोपियों से साइबर ठगों के बारे में पूछताछ कर रही है। इन फर्जी अकाउंट्स का इस्तेमाल करने वाले साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है ताकि साइबर ठगी के गिरोह व सरगनाओं को गिरफ्तार किया जा सके।

Published on:
07 Apr 2026 01:15 pm
Also Read
View All