www.patrika.com/sikar-news/
शिश्यू (सीकर).
जिले में शुक्रवार को लोक परिवहन बस एक बार फिर मौत बन कर दौड़ी। बस ने रोड पार कर रही एक महिला को कुचल दिया। इसके बाद भी ड्राइवर से बस नहीं रोकी और मौके से भाग निकला। पुलिस ने नाकाबंदी कर करीब 35 किलोमीटर बाद बस को पकड़ा। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक बाजौर में केशरी देवी (55) पत्नी गोरूराम कीर अपने पीहर आई हुई थी। सुबह वह वापस जाने के लिए बस स्टैंड पर आई थी।
यहां तेजगति से आई लोकपरिवहन बस ने उसको टक्कर मार दी। बस उसके ऊपर से निकल गई और ड्राइवर ने बस रोकी ही नहीं। हादसे में केशरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। लोगों ने एकबारगी मौके पर जाम लगाने की भी कोशिश की। मौके पर पहुंची उद्योग नगर थाना पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत करवाया। लोक परिवहन की बस जयपुर से लाडनूं जा रही थी जिसे पकडऩे के लिए भी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने सेवद के पास बस को पकड़ कर जब्त कर लिया।
ओवरटेक के चक्कर में मारी टक्कर
लोगों ने पुलिस को बताया की लोक परिवहन की बस बहुत स्पीड से आ रही थी। वह एक दूसरी बस से आगे निकलने के चक्कर में गलत ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान महिला बस की चपेट में आ गई।
वारंटी को जेल भेजा
नीमकाथाना. धोखाधड़ी का 16 साल से फरार चल रहे आरोपित को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिससे न्यायालय में पेश किया गया। उसे वहा से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कोतवाल श्रीराम ने बताया कि प्रागपुरा निवासी आरोपित रामचंद्र पुत्र जयमल गुर्जर वर्ष 2002 से धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने मुखबीर की सूचना से आरोपित को शुक्रवार गिरफ्तार कर लिया।