सीकर

स्मैक, अफीम, एमडी व गांजा सप्लयरों तक नहीं पहुंच रही पुलिस, चालान पेश कर रहे खानापूर्ति

पिछले डेढ़ साल में पुलिस ने एनडीपीएस के जितना भी नशा पकड़ा, पुलिस मुख्य सप्लायरों तक नहीं पहुंच पाई
2 min read
Nov 06, 2025
CG Ganja Seized (photo source- Patrika)
CG Ganja Seized (photo source- Patrika)

यादवेंद्रसिंह राठौड़

सीकर. शिक्षानगरी सीकर में अन्य जिलों से लगातार सूखा नशा की खेप आ रही है। शिक्षा नगरी सीकर में प्रदेश के साथ ही सभी राज्यों से बच्चे पढ़ाई के लिए और प्रतियागी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आ रहे हैं। ऐसे में कुछ मुनाफे के लिए बदमाश व नशेड़ी लोग स्कूल-कोचिंग के बच्चों को सूखे नशे की लत लगा रहे हैं, ताकि उनका कारोबार बढ़ सके। समाज कंटक युवा पीढ़ित को सूखे नशे की लत लगाकर उनका जीवन खराब कर रहे हैं। टैंकर व ट्रक चालकों के साथ ही अन्य माल ढोने वाले वाहन चालक सीकर में सूखा नशा सप्लाई कर रहे हैं। ये ट्रक में माल के बीच में कुछ ग्राम या कुछ किलो सूखा नशा लाकर यहां क लोकल ड्रग पैडलर्स को सप्लाई कर रहे हैं। इसके बाद ये सूखा नशा छोटे-छोटे एजेंट्स व नशेड़ियों के जरिए शहर के युवाओं व बच्चों के बीच पहुंचाया जा रहा है। पिछले दिनों गोकुलपुरा थाना व सदर थाना ने कई ट्रक चालकों व ड्रग पैडलरों को स्मैक, अफीम, एमडी सप्लाई करते हुए गिरफ्तार किया था। वाहनों को भी जब्त किया गया था।

चालान पेश कर अपनी वाहवाही लूट रही पुलिस -

पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान में मादक पदार्थ तस्कर, हवाला व सट्टा लगाने वाले आरोपियों सहित शराब की तस्करी करने वाले आरोपी गिरफ्त में आ रहे हैं। लेकिन धिकांशत: पुलिस पकड़े जाने वाले आरोपियों पर ही कार्रवाई करती है, गांजा, ड्रग, अफीम, एमडी आदि बड़ी मात्रा में सप्लाई करने वाले व खरीदने वाले दोनों गिरोह तक पहुंचने का प्रयास ही नहीं कर रही है। पिछले एक से डेढ़ साल में सूखा नशा के मामले में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ चालान पेश कर अपनी वाहवाही लूट रही है। जबकि मुख्य सप्लायर दूसरे एजेंट व ड्रग पैडलरों के जरिए फिर से शेखावाटी में नशा सप्लाई करने लग जाते हैं।

यहां से आ रहा सूखा नशा -

जयपुर, चित्तौड़गढ़, श्रीगंगानगर, जोधपुर, हनुमानगढ़, हरियाणा के बड़े तस्कर ड्रग पैडलर्स के माध्यम से शेखावाटी, नागौर सहित आसपास के जिलों में स्मैक, गांजा एमडी व अफीम सहित अन्य सूखे नशे की खेप पहुंचा रहे हैं। वहीं गांजे की बड़ी खेप मध्यप्रदेश से आ रही है।

इन उदाहरणों से समझिए सीकर में कैसे सप्लाई हो रहा सूखा नशा-

भीलवाड़ा से अफीम लाकर शेखावाटी में सप्लाई कर रहा था-

जुलाई माह में डीएसटी टीम व सदर थाना पुलिस ने 40 लाख रुपए कीमत की 3 किलो 770 ग्राम अफीम व डेढ़ लाख रुपए की नकदी सहित एक आरोपी मनाेज कुमार जाट को गिरफ्तार किया था। आरोपी भीलवाड़ा से अफीम खरीदकर उसे लग्जरी कार से सीकर लाते और शेखावाटी के तीनों जिलों सीकर, चूरू, झुंझुनूं में सप्लाई करता था।

इन मामलों में आज तक मुख्य सप्लायरों तक नहीं पहुंची पुलिस -

- अप्रैल में डीएसटी व फतेहपुर सदर थाना पुलिस ने फतेहपुर कस्बे के एक खेत से 26 लाख रुपए की कीमत का 325 किलो गांजा पकड़ा था।

- सदर थाना पुलिस ने नवंबर 2024 में तस्कर रामचंद्र निवासी भोजासर छोटा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25 किलो गांजा व पिकअप गाड़ी जब्त की थी। आरोपी सीकर के ग्रामीण इलाके में गांजा सप्लाई करता था।

- यही नहीं सीकर के नीमकाथाना, खंडेला, दांतारामगढ़, रानोली कस्बे में कई लोगों ने गांजे की खेती कर रखी थी। पुलिस ने दबिश देकर खेतों में फसल के बीच में बो रखी गांजे की पौधों को जब्त किया है। हालांकि अधिकांश मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया।

Updated on:
06 Nov 2025 12:56 pm
Published on:
06 Nov 2025 12:56 pm