सीकर

लुटेरी दुल्हनें ससुराल वालों को नशीला पदार्थ खिला घर से सोने-चांदी के गहने लेकर हुई फरार

सीकर. शादी के पांच दिन बाद ही दो लुटेरी दुल्हनें ससुराल वालों को खाने में नशे की दवा देकर सुलाकर जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों ने ही उनकी गोरखपुर में शादी करवाई थी। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीकर जिले में लुटरे दुल्हनों के घर […]
2 min read
Apr 11, 2026
Looteri-Dulhan
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी लुटेरी दुल्हन (फोटो: पत्रिका)

सीकर. शादी के पांच दिन बाद ही दो लुटेरी दुल्हनें ससुराल वालों को खाने में नशे की दवा देकर सुलाकर जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों ने ही उनकी गोरखपुर में शादी करवाई थी। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीकर जिले में लुटरे दुल्हनों के घर से जेवरात व नकदी लेकर भागने के मामले काफी आ रहे हैं।

विकास के घरवालों ने उन्हें 3.50 लाख रुपए दे दिए

पुलिस के अनुसार नानी गांव निवासी परिवादी विकास ने सदर थाना में मामला दर्ज करवाया है। उसने बताया कि गांव का ही रहने वाला सुभाष परिवार में भाई लगता है। गोकुलपुरा निवासी पिंटू, सुभाष का सगा बहनोई है। प्रभाती पत्नी पिंटू , राजू पत्नी रामचंद्र ने मिलकर विकास के परिवार को कहा कि हमारा संबंध गोरखपुर तक है। यहां से विकास और सुनील के लिए पत्नियां लाकर देंगे। उन्होंने कहा कि शादी करवाने के 3.50 लाख रुपए लगेंगे। विकास के घरवालों ने उन्हें 3.50 लाख रुपए दे दिए। पिंटू के साथ विकास के घरवाले गोरखपुर गए। लड़कियां देखकर वे वहां से एक अप्रैल को वापस आए। गोकुलपुरा गांव की गोसाई मंदिर में विकास और सुनील की शादी की रस्म पूर्ण हुई। इससे पहले प्रभाती ने 60 हजार रुपए और लिए।

खाने में नशे की दवा मिला, गहने ले भागी दुल्हनें-

गोरखपुर से लाई गई दोनों लड़कियों का नाम गुड्डू और हंसु बताया गया। 5 अप्रैल की रात को खाने में नशे की दवा मिलाकर दोनों पत्नियों घर से सोने चांदी के जेवरात लेकर भाग गईं। परिवादी ने जब सुभाष से बात की तो उसने कहा कि पूरा मामला पिंटू को ही पता है। पिंटू ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया है। परिवादी विकास ने बताया कि लुटेरी दुल्हनें गुड्डू और हंसु ने वॉट्सएपवॉइस कॉल पर अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने कहा कि पिंटू और सुभाष उसे कहेंगे तो 15 अप्रैल को वापस आपके साथ आकर रहेंगे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी करवाने वाले गिरोह पनपे-

सीकर जिले में लुटेरी दुल्हन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शादियां नहीं होने पर युवा व उनके परिवार वाले झारखंड, बिहार, अकाेला, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से बहुएं ला रहे हैं। बहुत से मामलों में बिचोलिए मोटी रकम खा जाते हैं और दुल्हन व उसके परिवार को रुपए नहीं देते, ऐसे में भी दुल्हनें भाग जाती हैं। कई ऐसे गिरोह पनप गए जो शादी करवाने के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं।

Updated on:
11 Apr 2026 01:04 pm
Published on:
11 Apr 2026 01:04 pm