
ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता “खेलो इंडिया - यूथ गेम्स” की तैयारियां जोरों पर हैं। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को कम्पू खेल परिसर पहुंचकर खेलो इंडिया यूथ गेम्स से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही सभी व्यवस्थायें युद्ध स्तर पर और अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। ग्वालियर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 31 जनवरी से 11 फरवरी तक होने जा रहा है। ग्वालियर को हॉकी, बैडमिंटन, जिम्नास्टिक व मार्शल आर्ट खेल कलरीपयट्टु की मेजबानी मिली है। ग्वालियर के अलावा 30 जनवरी से 11 फरवरी तक प्रदेश के अन्य शहरों में भी खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगीं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देश भर के शीर्षस्थ खिलाड़ी भाग लेंगे।
सड़क निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश
कम्पू खेल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद कलेक्टर सिंह ने आमखो बस स्टेण्ड होकर कम्पू खेल परिसर तक निर्माणाधीन सड़क का शेष काम भी जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश भी इस मौके पर दिए। स्मार्ट सिटी की सीईओ नीतू सिंह ने कहा कि सड़क का शेष काम 20 जनवरी तक पूरा हो जाएगा। कलेक्टर सिंह द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं खेलो इंडिया के जिले के नोडल अधिकारी आशीष तिवारी, समार्ट सिटी की सीईओ नीतू माथुर, एसडीएम लश्कर विनोद सिंह एवं खेल अधिकारी जोसेफ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
सेल्फी प्वॉइंट पर खिंचवाई फोटो और ब्रांडिंग में मांगा सहयोग
कम्पू खेल परिसर में हॉकी व बैडमिंटन प्रतियोगिता की तैयारी और आवास व्यवस्था का जायजा लेने से पहले कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने साथी अधिकारियों के साथ खेल परिसर में बने सेल्फी प्वॉइंट पर फोटो खिंचवाई। साथ ही शहरवासियों से खेलो इंडिया यूथ गेम्स की ब्रांडिंग करने में सहयोग करने की अपील की।
कम्पू खेल परिसर में एलएनआईपीई में होंगे खेलो इंडिया यूथ गेम्स
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत कम्पू खेल परिसर (मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी) में हॉकी व बैडमिंटन तथा एलएनआईपीई में जिम्नास्टिक व मार्शल आर्ट कलरीपयट्टु की प्रतियोगितायें होंगीं। कम्पू खेल परिसर स्थित बैडमिंटन अकादमी में 31 जनवरी से 3 फरवरी तक बैडमिंटन प्रतियोगिताएं होंगीं। इसी तरह एलएनआईपीई के मल्टीपर्पज हॉल में 1 से 5 फरवरी तक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता होगी। कम्पू खेल परिसर में 4 से 10 फरवरी तक हॉकी प्रतियोगिता होगी। एलएनआईपीई के मल्टीपर्पज हॉल में 8 से 10 फरवरी तक मार्शल आर्ट कलरीपयट्टु खेल में देश भी से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
...............
खेलो इंडिया के लिए के लिए शहर के होटलों के 450 कमरे बुक किए गए हैं। सड़कों का काम चल रहा है। वालंटियर काम कर रहे हैं। प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, कलेक्टर, ग्वालियर