श्री गंगानगर

बेलेट पेपर देख चकराया सिर, मनपसंद वरीयता देने में लगा समय

- बार काउंसिल चुनाव: अधिवक्ताओं में दिखा उत्साह, 1665 में से 1374 वोट पोल, रायसिंहनगर में दुबारा होगी पोलिंग

2 min read


श्रीगंगानगर। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव में बुधवार को जिला मुख्यालय पर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कलक्ट्रेट परिसर स्थित बार संघ सभागार और ई-लाइब्रेरी में बनाए गए दो मतदान केंद्रों पर दिनभर मतदान चला। कुल 1665 मतदाताओं में से 1374 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा बड़े आकार के बैलेट पेपर की रही। एक बैलेट पेपर में 234 प्रत्याशियों के नाम होने से मतदाता असमंजस में नजर आए। प्रत्येक मतदाता को 23 प्रत्याशियों को वरीयता क्रम देना था, जिसके चलते मतदान में अपेक्षा से अधिक समय लगा। कई मतदाता पहले से तैयार सूची लेकर पहुंचे, जबकि कुछ ने मौके पर ही वरीयता क्रम तय किया। मतदान स्थल पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। कोई पांव छूकर समर्थन मांगता दिखा तो कोई गले मिलकर अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटा रहा। मुख्य द्वार से लेकर मतदान केंद्र तक समर्थकों की कतारें लगी रहीं।



पहली बार स्याही का प्रयोग



इस चुनाव में पहली बार विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तर्ज पर मतदाताओं की उंगली पर स्याही लगाई गई। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक मतदाता की वीडियोग्राफी भी कराई गई। सुबह से दोपहर तक मतदान में तेजी रही, जबकि बाद में रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। मतदान प्रक्रिया में न्यायिक और जिला प्रशासन का भी सहयोग लिया गया। मतदान के बाद बैलेट बॉक्स को सेशन कोर्ट में सुरक्षित रखवाया गया, जहां उनकी निगरानी की जा रही है। चुनाव मैदान में प्रमुख प्रत्याशियों के समर्थकों ने कोर्ट परिसर के बाहर स्टॉल लगाकर मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखा। चाय, कॉफी और ठंडे पेय की व्यवस्था भी की गई। मतदान के बाद सभी खेमे अपनी-अपनी जीत के दावे करते नजर आए, जिससे चुनाव परिणाम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।



रायसिंहनगर समेत चार स्थानों पर फिर होगी वोटिंग



बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव प्रदेशभर में अधिकांश स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए, लेकिन चार स्थानों पर गड़बड़ियों के चलते मतदान प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है। अब इन स्थानों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। चुनाव समिति के पर्यवेक्षक राजस्थान हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जस्टिस मनोज गर्ग ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर, जयपुर जिला बार संघ, जयपुर हाईकोर्ट बार संघ और जोधपुर जिला बार संघ में मतदान प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आई हैं। रायसिंहनगर में मतदान के दौरान बैलेट पेपर पर मतदाताओं से हस्ताक्षर करवाए जाने का मामला सामने आया, जबकि नियमों के अनुसार बैलेट पेपर पर किसी प्रकार का साइन या निशान नहीं होना चाहिए। जानकारी मिलते ही वहां मतदान तुरंत रोक दिया गया। वहीं जयपुर जिला बार संघ और जयपुर हाईकोर्ट बार संघ में एक मतदाता को एक से अधिक बैलेट पेपर दिए जाने की शिकायतें मिलीं। इसके अलावा जोधपुर जिला बार संघ में सीमित पोलिंग बूथ होने के कारण अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। इन सभी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए चुनाव समिति ने चारों स्थानों पर मतदान निरस्त कर पुनः मतदान कराने का निर्णय लिया है। नई मतदान तिथि का फैसला चुनाव समिति की आगामी बैठक में किया जाएगा।



Published on:
22 Apr 2026 08:29 pm
Also Read
View All