श्री गंगानगर

श्रीगंगानगर की छोटी बड़ी खबर जानने के लिए क्लिक करे

समस्याओं का हो समाधान,
2 min read
news

समस्याओं का हो समाधान
सूरतगढ़.

सीएसएफ वर्करस यूनियन(सीटू) अध्यक्ष अरूण सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमण्डल ने केन्द्रीय राज्य फार्म के निर्देशक को ज्ञापन देकर मजदूर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। उन्होंने ज्ञापन में सातवां वेतन आयोग की बेसिक पे सभी दैनिक वेतन भोगी कामगारों को देने, जीएसएलआई का पैसा सेवानिवृत कर्मियों को देने, नियमित व दैनिक भोगी कर्मियों को पेशन देने, सीपीएल मार्च के बजाए जून माह तक काटने का समय देने, वर्कशॉप में खुली विद्युत तारों को दुरूस्त करवाने की मांग की।


अटल सेवा केन्द्र का टूटा गेट
सिद्धुवाला.

ग्राम पंचायत रामसरा जाखड़ान का अटल सेवा केन्द्र का गेट क्षतिग्रस्त हो गया है। इस वजह अटल सेवा केन्द्र में दिनभर निराश्रित पशुओं का जमावड़ा रहता है। पंच रामस्वरुप सोढा, ग्रामीण महावीर दुर्गेसर, संतोष आदि के अनुसार अटल सेवा केन्द्र का गेट लम्बे समय से टूटा हुआ है। इस वजह से यहां गंदगी पसरी रहती है। वहीं सरपंच सिंगारी देवी ने बताया कि गेट की मरम्मत करवाने के लिए सचिव को पाबंद किया गया है।


बकाया ओवरटाइम राशि का भुगतान
सूरतगढ़ थर्मल.

सूरतगढ़ तापीय परियोजना के तकनीकी कर्मचारियों के बकाया ओवरटाइम भुगतान की राशि का आखिरकार निगम ने भुगतान कर दिया। बकाया ओवरटाइम की राशि मिलने से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। गौरतलब है कि जनवरी 2015 से मार्च 2016 तक के बकाया ओवरटाइम भुगतान की मांग को लेकर सूरतगढ़ विद्युत उत्पादन मजदूर यूनियन इंटक लगातार संघर्षरत थी। संगठन अध्यक्ष श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों के लगातार संघर्ष के परिणामस्वरूप निगम प्रशासन ने 40 लाख रुपये बकाया ओवरटाइम राशि सूरतगढ़ थर्मल भिजवा दी है।

इस संबंध में मुख्य अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि तकनीकी कर्मचारियों के वर्ष 2015-16 के बकाया ओवरटाइम के 40 लाख रुपये जयपुर से स्वीकृत होकर लेखा शाखा में सोमवार दोपहर बाद आ गए हैं। आगामी दो तीन दिनों में बकाया ओवरटाइम का भुगतान कर दिया जायेगा।

Published on:
27 Feb 2018 09:20 am