श्री गंगानगर

Honey Trap: झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख मांगने वाली महिला गिरफ्तार

श्रीगंगानगर। सीनियर सिटीजन को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपए मांगने के आरोप में हरियाणा निवासी महिला गिरफ्तार हुई। पुलिस जांच में आरोपी पर ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और देह व्यापार समेत कई केस सामने आए।
2 min read
Honey Trap Sri Ganganagar
झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 3 करोड़ रुपए मांगने वाली महिला गिरफ्तार फोटो: ChatGpt

श्रीगंगानगर। सदर पुलिस ने सीनियर सिटीजन व्यक्तियों को अपने जाल में फंसाकर दुष्कर्म के झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी, देह व्यापार और अन्य मामलों में कई प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि 17 मई को सदर में करीब 70 वर्षीय एक वरिष्ठ नागरिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी के अनुसार उसका पुत्र जोधपुर में अस्पताल संचालित करता है।

अस्पताल में देखभाल के दौरान उसकी पहचान हरियाणा निवासी महिला मंजू देवी से हुई थी। परिवादी ने बताया कि महिला ने अस्पताल में करीब 10 दिन तक इलाज कराया, लेकिन उपचार के रुपए नहीं दिए। बाद में रुपए मांगने पर आरोपी ने परिवादी और उसके पुत्र को बार-बार फोन कर रेप के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। आरोप है कि महिला ने समझौते के नाम पर 50 लाख रुपए की मांग की और रुपए नहीं देने पर झूठा केस दर्ज कराने की चेतावनी दी।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

इस शिकायत पर पुलिस थाना सदर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुभाष चंद्र ने आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड हरियाणा के नारनौल से प्राप्त किया। रिकॉर्ड में सामने आया कि महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी, पीटा एक्ट, देह व्यापार और अन्य धाराओं में पांच प्रकरण दर्ज हैं तथा कई मामलों में न्यायालय में चालान भी पेश किए जा चुके हैं।

हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपिया की ओर से हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न थानों में वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ रेप सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज कराए गए थे। पुलिस के अनुसार महिला पहले सीनियर सिटीजन व्यक्तियों से संपर्क बढ़ाती थी और बाद में झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल करती थी। पुलिस टीम ने मंगलवार को जोधपुर से आरोपी मंजू देवी (35) निवासी बलाहा कलां, थाना सदर नारनौल, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई उपनिरीक्षक हंसराज के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार मामले में आरोपिया से पूछताछ और अनुसंधान जारी है।

Updated on:
20 May 2026 12:19 pm
Published on:
20 May 2026 12:18 pm
Also Read
View All