नई दिल्ली

हॉस्पिटल में भर्ती महिला रोगी से छेड़छाड़

सुखाडि़या मार्ग स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती एक महिला रोगी से गलत हरकतें करने का मामला सामने आया है।

2 min read
Apr 17, 2017

सुखाडि़या मार्ग स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती एक महिला रोगी से गलत हरकतें करने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर लोगों ने वहां जमकर हंगामा कर दिया। यह घटना उस समय सामने आई जब रविवार रात करीब दस बजे महिला होश में आई। भर्ती इस महिला को रविवार सुबह करीब ग्यारह बजे आईसीयू में भर्ती कराया गया। उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दवाइयां और इंजेक्शन लगाया, तब एक नर्सिंग कर्मी वहां आया और उससे गलत हरकतें करने लगा।


इस रोगी को यहां तक धमकी दे दी कि यदि किसी को बताया तो वह जहर का इंजेक्शन दे देगा। आईसीयू में इस कंपाउडर ने उस समय महिला के परिजनों को दवाइयां और जूस लाने की बात कहकर वहां से बाहर कर दिया था। शाम को उसे होश आया तो उसने पूरी घटना अपने परिजनों को दी। इन परिजनों ने गांव के मौजिज लोगों को बुलाया। इस घटना की जानकारी जैसे ही लोगों को मिली तो इस हॉस्पिटल के बाहर काफी भीड़ जमा हो गई।


यहां तक कि लोगों को नियंत्रित करने के लिए आरएसी का जाब्ता पुलिस लाइन से मंगवाया गया। इस घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी तुलसीदास पुरोहित और जवाहरनगर थानाप्रभारी शकील अहमद पहुंचे। इस दौरान नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार गौड़, पार्षद कमला बिश्नोई, डॉ. भरतपाल मय्यर, पूर्व सरपंच सुरेन्द्र पारीक आदि लोगों ने पुलिस अधिकारियों से हॉस्पिटल स्टाफ से पूछताछ कर उसी समय गिरफतारी की मांग कर दी।

सीओ सिटी तुलसीदास पुरोहित ने स्वीकारा कि टांटिया हॉस्पिटल में भर्ती इस महिला के परिजनों ने दुराचार की शिकायत की थी। इस संबंध में पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए वे खुद मौके पर पहुंचे। रोगी महिला के साथ दुराचार हुआ है या छेड़छाड़, पीडि़ता के बयान और सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद ही पुष्टि हो पाएगी। इस संबंध में रोगी का मेडिकल मुआयना भी कराया जाएगा।

इस घटनाक्रम में हॉस्पिटल प्रबंधन सक्रिय नजर आया। हॉस्पिटल के मैनेजर सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि जिन नर्सिंग कर्मियों ने यह घटना की है वह शर्मसार करने वाली है। इस संबंध में हम पीडि़ता के साथ और दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए हम तैयार हंै।

लोगों का गुस्सा इतना था कि पुलिस अधिकारियों ने उसी समय एक्शन लेने का आश्वासन दे दिया। पुलिस ने आईसीयू में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। इसमें एक कर्मी के रोगी बैड के चारों ओर पर्दे लगाकर अंदर रहने की पुष्टि हुई। इसकी फुटेज पुलिस ने जब्त कर ली है। वहीं भर्ती इस रोगी के बयान लेने के लिए महिला पुलिस थाना के एएसआई कृष्णलाल पहुंचे और मोबाइल कैमरे से रिकॉर्डिंग भी की।

Published on:
17 Apr 2017 06:48 am
Also Read
View All