श्री गंगानगर

पाकिस्तानी ड्रोन ने भारतीय सीमा में घुसपैठ कर गिराई हेरोइन, बीएसएफ-पुलिस का सर्च ऑपरेशन रातभर जारी

पाकिस्तान से भेजा गया एक ड्रोन रविवार शाम को भारतीय सीमा में करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर घुस आया और हेरोइन का पैकेट गिराकर वापस लौट गया।
2 min read
• •
Updated: 3 Aug 2025, 11:08 PM IST
Feature image
पाकिस्तानी ड्रोन ने भारतीय सीमा में घुसपैठ कर गिराई हेरोइन, बीएसएफ-पुलिस का सर्च ऑपरेशन रातभर जारी

भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाक बॉर्डर पर उपजे विवाद के तीन माह बाद फिर से पाकिस्तान ने हेरोइन की खेप भारतीय सीमा में श्रीगंगानगर में भिजवाई है। रविवार शाम को पाकिस्तान से भेजा गया एक ड्रोन भारतीय सीमा में करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर घुस आया और हेरोइन का पैकेट गिराकर वापस लौट गया। यह घटना दौलतपुरा क्षेत्र के समीपवर्ती गांव संगतपुरा चक 8-एच में सामने आई, जहां किसान के खेत से संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ।

गांव के किसान हरकीर्तन सिंह मान अपने खेत में पानी लगा रहा था। इसी दौरान नरमा की फसल के बीच उन्हें पीले रंग का एक संदिग्ध पैकेट नजर आया, जिस पर कुंडी लगी हुई थी और कोड वर्ड में छोटे अक्षरों में लिखे थे। उनकी सूचना पर बलजीत मान ने बीएसएफ को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सात-एच पोस्ट से एनके निराला, सुन्दरापुरा पोस्ट से देवेंद्र कुमार और क्यू हैड पोस्ट से गोविंद कुमार तथा मटीलीराठान थाना प्रभारी सुभाष चंद्र भी दल-बल सहित घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और बीएसएफ अधिकारियों ने हेरोइन का 522 ग्राम वजनी पैकेट जब्त किया। जानकारी के अनुसार इससे पहले भी क्यू हैड से लेकर सुन्दरपुरा तक क्षेत्र में चार बार ड्रोन के जरिए हेरोइन गिराई जा चुकी है।

एसपी बोली, सीमा पार से आई खेप

पुलिस अधीक्षक डा. अमृता दुहन ने बताया कि सीमा पार से हेरोइन खेप आई है। बीएसएफ के सहयोग से पुलिस ने भी आसपास के खेतों व क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। संदिग्धों की तलाश की जा रही है। एसपी ने बताया कि ड्रोन की दिशा, उड़ान रूट और अन्य तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।

हेरोइन की कीमत ढाई करोड़

मटीलीराठान थानाधिकारी सुभाष बिश्नोई ने बताया कि पैकेट का कुल वजन 522 ग्राम है जबकि इसके अंदर 480 ग्राम हेरोइन है। इस हेरोइन की अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ढाई करोड़ रुपए आंकी जा रही है। इस हेरोइन की डिलीवरी लेने के लिए पंजाब के ड्रग्स माफिया के गुर्गे इलाके में सक्रिय हो सकते है, इस लिहाज से तलाश की जा रही है।

Updated on:
3 Aug 2025, 11:08 PM IST
Published on:
Also Read
View All