टोंक

राजस्थान में डबल इंजन की सरकार देगी 2 तोहफे, यहां जल्द बनेगा बांध, निकलेंगी सरकारी भर्तियां

Rajasthan News : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि किसानों की पीड़ा को वो क्या जाने, जिन्होंने खेती नहीं की। हमने तो ट्रैक्टर खूब चलाया है वहीं बैल से हल भी चलाया है।

4 min read
Jul 01, 2024

जलालुद्दीन खान
Rajasthan News : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि किसानों की पीड़ा को वो क्या जाने, जिन्होंने खेती नहीं की। हमने तो ट्रैक्टर खूब चलाया है वहीं बैल से हल भी चलाया है। डबल इंजन की सरकार ने जो वादे संकल्प पत्र में किए, उसे पूरा किया जा रहा है। इसमें एक वादा किसानों को मजबूत करने का है, जो आज पूरा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को कृषि मंडी में आयोजित समारोह को सबोधित कर रहे थे। उन्होंने टोंक से मुख्यमंत्री किसान समान निधि योजना की शुरुआत की। साथ ही भजनलाल शर्मा ने फार्म पौंड योजना की अनुदान समेत अन्य योजनाओं की राशि बटन दबाकर लाभार्थियों के खाते में डाली। समारोह के बाद सीएम ने भाजपा पदाधिकारियों से चर्चा की। उनका स्वागत भी किया गया।

आत्म निर्भर हो जाएगा राजस्थान
ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर ने कहा कि एक लाख 60 हजार करोड़ के एमओयू कर 60 हजार करोड़ का एक और टेंडर निकाला है। इससे 32 हजार मेगावाट के नए उत्पादन संयंत्र लगाए हैं। इसके माध्यम से 2 लाख 25 हजार करोड़ का राजस्थान में इन्वेस्टमेंट होगा। इसके माध्यम से 20 साल की आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। तीन साल में राजस्थान आत्मनिर्भर हो जाएगा। कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित समारोह में रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री किसान समान निधि योजना की शुरुआत की। समारोह में शामिल होने के लिए जिलेभर से महिला-पुरुष सुबह से ही आने शुरू हो गए। गर्मी व उमस के बीच लोग बैठे रहे।

सीएम भजनलाल ने कहा कि प्रदेश के किसानों के मन में एक दर्द था। वो यह कि हमारे पास जमीन है लेकिन पानी नहीं है। पूर्वी राजस्थान परेशान होता था। हम देख रहे हैं आज नदियों में पानी नहीं है। इसके लिए सबसे पहले राजस्थान के किसान को खुशहाल करने के लिए पानी की व्यवस्था करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबसे पहले ईआरसीपी की योजना का काम पूरा कराया। इससे गांवों में पीने का पानी पहुंचेगा। साथ ही 2 लाख 80 हजार हैक्टेयर में सिंचाई का पानी भी आएगा।

सीएम भजनलाल ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाया है। अब बाजरे का भी बढ़ाया जाएगा। सर्वाधिक बाजरा राजस्थान में पैदा होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मोटे अनाज पर जोर दे रहे हैं। मोटा अनाज राजस्थान में अधिक होता है। इसकी आपूर्ति विदेशों में होगी तो राजस्थान का किसान समृद्ध होगा। इस पर आने वाले समय में एमएसपी देंगे

रिश्तेदार पहले करते हैं बात
सीएम ने कहा कि जब रिश्तेदार एक-दूसरे से मिलते हैं तो पूछते हैं खेती-बाड़ी कैसी है। इसलिए हम किसानों को समृद्ध कर रहे हैं। मौसम की मार से पीड़ित किसानों को 1400 करोड़ बीमा क्लेम पास किया है। किसानों के बिजली के बिल में 8 हजार करोड़ का अनुदान दिया है।

वो क्या जाने मार्च महीना
सीएम भजनलाल ने कहा कि मार्च में गेहूं की एमएसपी बढ़ाई है। किसानों की फसल मार्च में ही आती है। लेकिन मार्च के महीने में किसान क्या करता है यह दूसरी पार्टी के लोग क्या जाने? वो होते तो मार्च का महीना ही निकाल देते। हमने 125 रुपए एमएसपी बढ़ाया है।

सवाईमाधोपुर में भी बनेगा बांध
कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीना ने कहा कि बीसलपुर बांध के पानी में नया खेल हो रहा है। बीसलपुर बांध में ब्रह्माणी का पानी डाला जाएगा। ईआरसीपी से भी पानी डाला जाएगा। इससे प्रदेश में पानी की समस्या दूर हो जाएगी। बीसलपुर में 48 हजार करोड़ रुपए खर्च कर 21 जिलों में पानी पहुंचाया जाएगा। बीसलपुर जैसा बांध सवाईमाधोपुर के डूंगरी में मुख्यमंत्री बनाने वाले हैं। मीना ने कहा कि पिछले राज में तो फर्जीवाड़ा हुआ, उसके आरोपी पकड़े जा रहे हैं। अभी तो छोटी मछली पकड़ी जा रही है। जल्द ही मगरमच्छ भी पकड़े जाएंगे।

निकाली जाएगी प्रदेश में भर्तियां
सीएम भजनलाल ने कहा कि किसान, युवा, महिलाओं व गरीब के लिए सरकार संकल्प बद्ध है। प्रदेश के 22 हजार युवाओं नौकरी का नियुक्ति पत्र दिया है। हमने वादा किया था कि रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाएगी। वो अब पूरा करेंगे। कलेंडर के आधार पर सभी नियुक्तियां भरी जाएगी। साथ ही भर्ती भी बढ़ाई जाएगी।

दोहे से समझाया दूसरों का दर्द
समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल ने एक दोहा भी कहा। उन्होंने कहा कि, जिसकी नहीं फटी बिवाई वो क्या जाने पीर पराई। सीएम ने कहा कि किसान के बेटे को पीड़ा मालूम है। किसानों का दर्द वहीं समझ सकता है।

तभी राजस्थान होगा खु्शहाल
सीएम ने संबोधन की शुरुआत सभी को प्रमाण-नमस्कार से की। भजनलाल ने कहा कि अन्नदाता सभी मौसम में काम करता है। देश का किसान समृद्ध होगा तो राजस्थान और देश समृद्ध और खुशहाल होगा।

लाभार्थियों को दिए चेक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधन से पहले योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर महिला जीएसएसएस के बैंक खातों में 3-3 लाख की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की।

वेंटीलेटर पर थी पानी-बिजली की व्यवस्था
जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि पिछली सरकार ने एक मेगावाट बिजली का उत्पादन भी नहीं किया। प्रदेश में पानी-बिजली की व्यवस्थाएं वेंटीलेटर पर थी। इसके सुधार में कुछ समय लगेगा। सरकार ने जो वादे किए, उसे पूरा किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा पूरा किया है।

दो साल बाद नहीं होगी बिजली की चिंता
सीएम भजनलाल ने कहा कि बिजली के 2.64 करोड़ का एमओयू किया है। किसान मर्जी के मुताबिक दिन में बिजली लेगा। वह रात में खेत पर नहीं जाएगा। वह एक कर्मचारी की तरह सुबह खेत में जाएगा और शाम 5 बजे घर आएगा। इसके बाद अपने परिवार के साथ समय गुजारेगा। दो साल बाद किसानों को बिजली की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

आगे-आगे देखिए होता क्या?
समारोह के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रेस से बात की। भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमने जो वादे किए पूरा किए हैं। आगे-आगे देखिए होता है क्या? इसके बाद सीएम भजनलाल जयपुर के लिए रवाना हो गए।

यह रहे कार्यक्रम में मौजूद
कार्यक्रम में जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक, ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा, जिला प्रमुख सरोज बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत मेहता, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश चंदेल, विजय बैंसला, चन्द्रवीरसिंह, लक्ष्मी जैन आदि मौजूद थे।

Updated on:
01 Jul 2024 02:54 pm
Published on:
01 Jul 2024 02:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर