उदयपुर

मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य महेंद्रसिंह मेवाड़ का निधन

83 साल की उम्र में ली अंतिम सांस: आज होगा अंतिम संस्कार
less than 1 minute read
Nov 10, 2024
Feature image
मेवाड़ के पूर्व राज परिवार के सदस्य महेंद्रसिंह मेवाड़

उदयपुर. मेवाड़ के पूर्व राज परिवार के सदस्य महेंद्रसिंह मेवाड़ का रविवार दोपहर में निधन हो गया। वे 83 साल के थे। पिछले 10 दिन से उनका इलाज निजी हॉस्पिटल में चल रहा था। उनके निधन की सूचना पर शहर से लोग समोर बाग पहुंचने लगे। शाम से रात तक बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। समोर बाग पैलेस सचिव कमलेंद्रसिंह पंवार ने बताया कि अंतिम यात्रा सोमवार सुबह 11 बजे समोर बाग से रवाना होगी, जो जगदीश चौक, घंटाघर, बड़ा बाजार, भड़भुजा घाटी, देहलीगेट होते हुए आयड़ महासतिया पहुंचेगी। इससे पहले समोर बाग में सुबह 8 बजे से पार्थिव देह को अंतिम दर्शनार्थ रखा जाएगा।

सांसद भी रहे थे मेवाड़

महेंद्रसिंह मेवाड़ चित्तौडग़ढ़ से सांसद भी रहे थे। उन्होंने साल 1989 में भाजपा से टिकट पर चित्तौडग़ढ़ से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला कुमारी को हराया था। इसके बाद वर्ष 1991 के लोकसभा चुनाव में महेंद्र सिंह ने भाजपा छोड़ी और कांग्रेस में शामिल हो गए। इस बार उन्हें भाजपा के जसवंत सिंह जसोल ने हराया था। इसके बाद 1996 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने महेंद्र सिंह मेवाड़ को भीलवाड़ा से टिकट दिया था, लेकिन नहीं जीत पाए। अभी महेंद्रसिंह मेवाड़ के पुत्र विश्वराज सिंह नाथद्वारा विधायक और पुत्र वधु महिमा कुमारी राजसमंद सांसद हैं।

Published on:
10 Nov 2024 07:38 pm