उदयपुर

उदयपुर : मदद के बहाने अपहरण-ब्लैकमेल करने वाली गैंग की खुलीं परतें

उदयपुर में मदद के बहाने राहगीर का अपहरण कर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और 25 हजार रुपए वसूलने वाली गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। प्रतापनगर थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कार, मोबाइल और वसूली गई रकम बरामद की है।
2 min read
Aug 18, 2026
gang exposed in udaipur
प्रतापनगर थाने में बापर्दा गिरफ्तार आरोपी।

उदयपुर. प्रतापनगर थाना क्षेत्र में मदद के बहाने राहगीर को रोककर अपहरण, मारपीट और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाली गैंग के केस में चार आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, मोबाइल और धमकाकर वसूली गई रकम बरामद की है। अब तक की जांच में गैंग की ओर से पहले भी कई वारदातें करना सामने आया है।

थानाधिकारी अजय सिंह राव ने बताया कि आरोपी बडलों का वास कुचामन सिटी निवासी देवेन्द्र विश्नोई, बेसरोली बडू डीडवाना निवासी मनीष जोशी, बांसा मोलासर डीडवाना-कुचामन निवासी नरेन्द्ररेबारी और निमोद मोलासर डीडवाना-कुचामन निवासी ओम प्रकाश को गिरफ्तार किया गया है। तकनीकी सहायता और सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया। उन्हें जेल भेज दिया गया। अब गिरोह से जुड़े तथ्यों और संभावित वारदातों की भी जांच हो रही है।

यह था घटनाक्रम

प्रार्थी ढिकली निवासी ललित वैष्णव एक अगस्त को जिंक-स्मेल्टर देबारी में ड्यूटी के बाद ढिकली जा रहा था। हाईवे पर एक युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा। मदद के लिए रुकते ही तीन अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे। स्प्रे छिड़क दिया, जिससे दिखना बंद हो गया। आरोपियों ने उसे कार में डाला और अम्बेरी की तरफ ले जाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया और मारपीट की। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 25 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए।

होटल रिसॉर्ट से सोने के कुंडल चोरी

सुखेर स्थित एक रिसॉर्ट में ठहरी दिल्ली की पर्यटक के सोने के कुंडल चोरी हो गए। महरौली नई दिल्ली निवासी मोनिका ग्रुप टूर के जरिए उदयपुर आई और सुखेर स्थित रिसॉर्ट में ठहरी। 16 अगस्त सुबह 10 बजे वह सामान बैग में रखकर माउंट आबू घूमने गई थीं। रात 10 बजे लौटने पर बैग से सोने के कुंडल गायब थे, जिनकी कीमत करीब 1.5 लाख रुपए है। उसने होटल स्टाफ को सूचना दी तो मैनेजर व सफाईकर्मियों से पूछताछ की। उसने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने, कमरे में प्रवेश करने वालों की जानकारी जुटाने की मांग की। इस पर पुलिस ने जांच शुरू की है।

अपहरण के मामले में तीन गिरफ्तार

सूरजपोल थाना पुलिस ने युवती व उसके मंगेतर का अपहरण करने के मामले में तीन को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सीसारमा रोड निवासी रोहित पारगी, सुनील वडेरा और लुणावतों का खेड़ाझाड़ोल निवासी बंशीलाल उर्फ काली वडेरा को गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि युवती ने 16 अगस्त को मामला दर्ज कराया था। बताया कि वह अहमदाबाद में काम करती है और उसकी सगाई हो चुकी है। 12 अगस्त को मंगेतर उसे लेने के लिए अहमदाबाद आया। दोनों बस में उदयपुर लौटे। दोनों घर जा रहे थे कि एक कार में आए बदमाशों ने अपहरण कर लिया। कार में कल्पेश मीणा व बंशी बैठे थे। कमलेश नामक लड़का पूर्व परिचित है। आरोपी दोनों को रामपुरा जंगल में ले गए और मारपीट की। फिर कार में ले जाकर गांव की तरफ छोड़ दिया।

Updated on:
18 Aug 2026 06:02 pm
Published on:
18 Aug 2026 05:54 pm